सवाई माधोपुर: अवैध पेड़ कटाई के खिलाफ रविवार को संगोष्ठी का आयोजन
सवाई माधोपुर में बिना एनओसी के हो रही पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर कार्यकर्ताओं ने वन विभाग से सख्त कार्रवाई और निगरानी की मांग की है।

सवाई माधोपुर के पुष्प के बालाजी परिसर में आयोजित संगोष्ठी के दौरान अवैध वृक्ष कटाई को रोकने के लिए रणनीति बनाते पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता।
सवाई माधोपुर में पेड़ बचाओ आंदोलन के तहत रविवार को प्रातः 11:00 बजे तक पुष्प के बालाजी परिसर में एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस संगोष्ठी में आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों के साथ-साथ प्रबुद्ध नागरिक, पत्रकार, व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।
आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने शहर में बिना वैधानिक अनुमति (एनओसी) के हो रही बड़े पैमाने की वृक्ष कटाई को गंभीर पर्यावरणीय अपराध बताया है। इस संबंध में आंदोलन की ओर से उपवन संरक्षक व मुख्य वन संरक्षक (राजस्थान) सहित विभिन्न वरिष्ठ वन अधिकारियों को पत्र भेजकर नियमों के अनुसार तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
- "यह वृक्ष कटाई केवल लापरवाही नहीं बल्कि संगठित, सामूहिक मिलीभगत एवं व्यापारिक एवं पर्यावरणीय खतरे पैदा करने के उद्देश्य से की जा रही प्रतीत होती है।"
- "अवैध रूप से काटी गई लकड़ी के लदान, परिवहन एवं पहचान/खपत में संलिप्त गिरोहों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाए।"
आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, ट्रक, क्रेन एवं जेसीबी मशीनों का प्रयोग कर खुलेआम पेड़ों की कटाई की जा रही है। आंदोलनकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर यह अवैध गतिविधि देर रात तक तथा सुबह तड़के चोरी-छुपे की जाती है, जिससे स्पष्ट होता है कि कार्यवाही से बचने के लिए सुनियोजित तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता चिंता का विषय है।
आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि अभी भी शहर में सैकड़ों पेड़ खड़े हैं, जिन्हें “विकास” के नाम पर काटे जाने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पर्यावरण को अपूरणीय क्षति होगी।
पेड़ बचाओ आंदोलन ने दोषी व्यक्तियों, ठेकेदारों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई, पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की वसूली तथा भविष्य में अवैध कटाई रोकने के लिए कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
