सवाई माधोपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का व्यावसायिक उपयोग पड़ेगा भारी, अब कमर्शियल पंजीयन अनिवार्य
सवाई माधोपुर में व्यावसायिक काम में जुटी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर परिवहन विभाग सख्त। अब कमर्शियल पंजीयन अनिवार्य, नियम न मानने पर होगी कानूनी कार्रवाई।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों की अनुपालना में जिला परिवहन कार्यालय, सवाई माधोपुर ने कृषि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के व्यावसायिक उपयोग, पंजीयन एवं प्रवर्तन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस कदम का मुख्य उद्देश्य कृषि वाहनों के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाना और परिवहन व्यवस्था को विधिसम्मत एवं सुव्यवस्थित बनाना है। जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह ने बताया कि विभाग के संज्ञान में यह तथ्य आया है कि कृषि कार्यों के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का बड़े पैमाने पर ईंट, बजरी, पत्थर, रेत, खनिज तथा अन्य निर्माण सामग्री के व्यावसायिक परिवहन में धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों का स्पष्ट मानना है कि वाहनों का उपयोग उनके वास्तविक पंजीयन उद्देश्य के ही अनुरूप होना चाहिए।
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग व्यावसायिक अथवा वाणिज्यिक परिवहन कार्यों में किया जा रहा है, अब उनका व्यावसायिक यानी कॉमर्शियल पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए वाहन स्वामियों को निर्धारित पंजीयन प्रक्रिया का पालन करते हुए आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। पंजीयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विभाग ने पंजीयन क्रमांक, चेसिस नंबर, पंजीयन श्रृंखला, शुल्क एवं अन्य तकनीकी प्रावधानों के संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह ने सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली स्वामियों से अपील की है कि यदि उनके वाहन का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में हो रहा है, तो वे नियमानुसार तत्काल व्यावसायिक पंजीयन कराकर कानून की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित प्रावधानों का पालन करने से ही वाहन स्वामी भविष्य में किसी भी प्रकार के अनावश्यक प्रवर्तन एवं कानूनी कार्रवाई से बच सकेंगे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
