सवाई माधोपुर: तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर के पास कचरे का अंबार, श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश
सवाई माधोपुर के तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर के पास गंदगी से श्रद्धालु परेशान हैं। कचरा डालने वालों पर कार्रवाई की मांग उठी है, क्योंकि मंदिर और प्राचीन बावड़ी की स्वच्छता खतरे में है। जानें क्या है पूरा मामला और स्थानीय लोगों का प्रशासन से क्या कहना है।

सवाई माधोपुर के तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर के समीप कचरे का ढेर और सफाई कार्य में जुटे कर्मचारी।
सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के पुराने शहर स्थित तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर के समीप लगातार कचरा डाले जाने से श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और मंदिर से जुड़े भक्तों में भारी नाराजगी व्याप्त है। सोमवार की सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर के पास एकत्रित हुए और वहां कचरा डालने वालों को समझाइश देते नजर आए। इस दौरान नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के आसपास नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ कुछ स्थानीय लोग भी कचरा डाल देते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना रहता है। लोगों ने बताया कि मंदिर के निकट स्थित प्राचीन बावड़ी, जिसमें धार्मिक आस्था से जुड़ा देवस्थान भी है, उसमें यह कचरा पहुंच रहा है, जिससे बावड़ी का पानी दूषित होने के साथ ही धार्मिक स्थल की स्वच्छता भी प्रभावित हो रही है। मौके पर मौजूद नगर परिषद के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में प्रतिदिन ऑटो-टीपर के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण किया जाता है और मंदिर के पास डाला गया कचरा भी नियमित रूप से उठाया जाता है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार कुछ लोग सफाई होने के बाद दोबारा उसी स्थान पर कचरा डाल देते हैं, जिससे दिनभर गंदगी की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि खुले में पड़े कचरे में मौजूद पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट को आवारा पशु खा रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं, कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति से व्यथित होकर मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि मंदिर परिसर के आसपास नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि धार्मिक स्थल की पवित्रता, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा बनी रह सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
