सवाई माधोपुर। राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ, जिला शाखा सवाई माधोपुर के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन के द्वितीय दिवस जिलेभर से आए शिक्षक प्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने शिक्षक समस्याओं और शैक्षिक मुद्दों पर मंथन किया। चर्चा के बाद शिक्षकों की विभिन्न मांगों को शामिल करते हुए 22 सूत्रीय मांग-पत्र तैयार कर राज्य सरकार को निस्तारण के लिए भिजवाया गया।

द्वितीय दिवस के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार वर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष देशराज मीना ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला संरक्षक मोहम्मद जाकिर, जिला सभाध्यक्ष प्रदीप भारद्वाज, जिला मंत्री ओमप्रकाश मीणा, जिला सलाहकार पारस चंद जैन, जिला संघर्ष समिति संयोजक अब्दुल वसीम, जिला कोषाध्यक्ष मोहसिन खान एवं जिला प्रवक्ता विनोद जैन, बौंली ब्लॉक अध्यक्ष जहीर अली, चौथ का बरवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष पिंकेश बैरागी, सवाई माधोपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र फागना, मुकेश सिंह गुर्जर, जाकिर खान बौंली, पप्पूलाल मीना, भंवर हेमंत सिंह, पवन जैन आदि मौजूद रहे।

जिलाध्यक्ष राहुल सिंह गुर्जर ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों के लिए निरंतर सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। जिले के शिक्षकों की समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों एवं राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से संगठन की मजबूती एवं एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैयालाल सैनी ने कहा कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। जिला स्तर की समस्याओं को जिला अधिकारियों के समक्ष तथा राज्य स्तर की समस्याओं को राज्य सरकार के समक्ष मांग-पत्र के माध्यम से रखा जाएगा।

निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं जिला संरक्षक मोहम्मद जाकिर ने संगठन के पूर्व संघर्षों एवं गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन ने हमेशा शिक्षक हितों को प्राथमिकता दी है। जिला सलाहकार पारस चंद जैन ने कहा कि शैक्षिक सम्मेलन शिक्षकों की समस्याओं को सामूहिक रूप से सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच है।

सम्मेलन में राज्य सरकार को भेजे गए 22 सूत्रीय मांग-पत्र में 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से राहत प्रदान करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों, प्रबोधकों एवं शारीरिक शिक्षकों की स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने तथा तृतीय श्रेणी शिक्षकों सहित समस्त शिक्षक संवर्ग की डीपीसी शीघ्र करने की मांग की गई।

मांग-पत्र में RGHS योजना में शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पूर्व की भांति सभी प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं देने, पंचायत शिक्षक, विद्यालय सहायक, संविदा शिक्षक, शिक्षाकर्मी, पैराटीचर सहित अन्य संविदा कर्मियों को स्थायी कर्मचारी घोषित करने तथा विद्यालय सहायकों को उनकी बीपीएड एवं सीपीएड योग्यता एवं सेवा अनुभव को मान्यता देते हुए पंचायत शिक्षक पद पर पात्र मानकर समायोजन करने की मांग भी शामिल है।

प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ऑनलाइन कार्य संपादन के लिए कंप्यूटर, लैपटॉप एवं प्रिंटर हेतु आवश्यक राशि उपलब्ध करवाने तथा गर्मी को देखते हुए विद्यालय समय में परिवर्तन कर 1 नवंबर से प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक किए जाने की मांग रखी गई। 2007-08 में नियुक्त तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबोधकों की वेतन विसंगति दूर कर एक वेतन वृद्धि का लाभ देने की मांग भी की गई।

शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने, प्रतियोगी परीक्षाओं में शिक्षकों की ड्यूटी एक ही पारी में लगाने और परीक्षा ड्यूटी का मानदेय समय पर शिक्षकों के खातों में जमा करवाने की मांग की गई। जनगणना कार्य में लगे प्रगणक, पर्यवेक्षक एवं अन्य कार्मिकों के मानदेय का भुगतान शीघ्र करवाने की मांग भी राज्य सरकार के समक्ष रखी गई।

तृतीय श्रेणी शिक्षक से सीधी भर्ती द्वारा अन्य उच्च पदों पर नियुक्त एवं अन्य विभाग से तृतीय श्रेणी शिक्षक पद पर नियुक्त कार्मिकों के पे-प्रोटेक्शन आदेश को प्रत्यावर्तित करने तथा तृतीय श्रेणी शिक्षक (बीएसटीसी) जो पत्राचार से बीएड कर रहे हैं, उनके इंटर्नशिप अवधि के वेतन कटौती आदेश को वापस लेने की मांग की गई।

मांग-पत्र में अनिवार्य अंग्रेजी एवं अनिवार्य हिंदी विषय के व्याख्याता पद सृजित करने, पोषाहार कार्य में लगाए गए कुक-कम-हेल्पर का मानदेय बढ़ाने तथा सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक के पद सृजित कर शारीरिक शिक्षकों को पदोन्नति के अवसर उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी गई।

विगत तीन वर्षों में क्रमोन्नत उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक/व्याख्याता के पद स्वीकृत करने, अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों एवं कक्षा-कक्षों के पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र बजट उपलब्ध करवाने तथा राशि एसडीएमसी/एसएमसी के खातों में डालने की मांग की गई। सीएसजी ग्रांट की राशि बढ़ाने एवं सत्र के प्रथम माह में विद्यालयों को उपलब्ध करवाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को मूल वेतन का दस प्रतिशत ग्रामीण भत्ता देने की मांग भी शामिल रही।

वर्ष 2004 के बाद चयनित शिक्षकों, प्रबोधकों एवं कर्मचारियों की NPS राशि GPF में जमा करवाकर पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ देने की मांग सहित अन्य बिंदुओं को 22 सूत्रीय मांग-पत्र में शामिल किया गया। मांग-पत्र राज्य सरकार को निस्तारण के लिए भिजवाया गया।

सम्मेलन के दौरान संगठन के सेवानिवृत्त पदाधिकारियों महावीर सोनी, महेंद्र सिंह आमेरा, रमेशचंद वर्मा, जसराज सिंह चौहान, रामधन मीना, रामसहाय बैरवा, शकील अहमद, महेश गोयल, कमल किशोर शर्मा, ताराचंद रैगर, नारायण दास स्वामी, नोनन्द सिंह राजावत, नंदकिशोर शर्मा, गौरीशंकर शर्मा एवं ग्यारसी लाल वर्मा को संगठन एवं शिक्षक हित में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं संगठनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दामोदर वर्मा को सम्मानित किया गया।

जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन के द्वितीय दिवस में शिक्षकों की समस्याओं पर हुई सामूहिक चर्चा के बाद 22 सूत्रीय मांग-पत्र राज्य सरकार तक पहुंचाया गया। इसमें शिक्षक नियुक्ति, स्थानांतरण, डीपीसी, चिकित्सा सुविधाओं, सेवा शर्तों, पद सृजन, विद्यालय संसाधनों, मानदेय, वेतन विसंगतियों और पुरानी पेंशन योजना सहित विभिन्न मुद्दों को शामिल किया गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story