छात्रावासों और संस्थाओं में होगी टीबी की स्क्रीनिंग, 19 अगस्त से चलेगा अभियान
सवाई माधोपुर में 19 अगस्त से छात्रावासों और संस्थाओं में टीबी स्क्रीनिंग अभियान शुरू होगा। हैंडहेल्ड एक्स-रे से जांच की जाएगी।

सवाई माधोपुर जिले में क्षय रोग (टीबी) की रोकथाम और समय पर पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग 19 अगस्त से छात्रावासों, पुनर्वास गृहों, विशेष योग्यजन संस्थाओं सहित अन्य संस्थाओं में विशेष स्क्रीनिंग अभियान शुरू करेगा। अभियान के दौरान संभावित टीबी रोगियों की मौके पर ही पहचान की जाएगी और बीमारी की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित कुमार गोयल ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न उपखण्डों में निर्धारित तिथियों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही चेस्ट एक्स-रे करेंगी। जांच के दौरान टीबी रोग की पुष्टि होने पर संबंधित रोगी का तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा।
सवाई माधोपुर उपखण्ड में 19 अगस्त को राजकीय सावित्री बाई फुले कन्या (एसटी) छात्रावास, 20 अगस्त को राजकीय अम्बेडकर छात्रावास शहर सवाई माधोपुर, 21 अगस्त को राजकीय एसटी महाविद्यालय स्तरीय कन्या छात्रावास हाउसिंग बोर्ड, 22 अगस्त को राजकीय स्वच्छकार एससी छात्रावास खेरदा, 24 अगस्त को राजकीय देवनारायण कन्या छात्रावास ठिंगला, 25 अगस्त को यश विकलांग एवं मंदबुद्धि सेवा संस्थान रणथम्भौर रोड हिम्मतपुर, 27 अगस्त को प्रयास संस्थान रीको इंडस्ट्रियल एरिया खेरदा, 29 अगस्त को मर्सी रिहेबिलिटेशन सोसायटी तथा 31 अगस्त को आदर्श ज्ञानोदय विकास समिति खेरदा में स्क्रीनिंग शिविर लगाए जाएंगे।
इसी क्रम में 1 सितम्बर को शुभदीप ग्रुप सेवा संस्थान जोधपुर द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, घुडासी रोड सवाई माधोपुर तथा 2 सितम्बर को निमली रोड स्थित राजकीय देवनारायण बालक छात्रावास में हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से चेस्ट एक्स-रे के माध्यम से टीबी की जांच की जाएगी।
गंगापुर सिटी उपखण्ड में 19 से 24 अगस्त तक अभियान चलेगा। 19 अगस्त को राजकीय सावित्री बाई फुले कन्या छात्रावास, 20 अगस्त को राजकीय अम्बेडकर (एससी) छात्रावास, 21 अगस्त को चेतन्य सेवा संस्थान, 22 अगस्त को राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग महाविद्यालय स्तरीय बालिका छात्रावास तथा 24 अगस्त को राज फाउंडेशन अनुसूचित जाति अनुदानित छात्रावास में स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बौंली उपखण्ड में 19 अगस्त को अनुसूचित जनजाति अनुदानित छात्रावास पिपलवाड़ा, 20 अगस्त को राजकीय अम्बेडकर (एससी) छात्रावास तथा 21 अगस्त को राजकीय देवनारायण बालक छात्रावास में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं मलारना डूंगर उपखण्ड में 22 अगस्त को राजकीय देवनारायण कन्या छात्रावास तथा 24 अगस्त को राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावास में टीबी स्क्रीनिंग की जाएगी।
चौथ का बरवाड़ा उपखण्ड में सितम्बर में स्क्रीनिंग अभियान आयोजित होगा। यहां 3 सितम्बर को राजकीय अम्बेडकर एसटी छात्रावास ईसरदा, 5 सितम्बर को राजकीय अम्बेडकर एसटी छात्रावास शिवाड़, 7 सितम्बर को राजकीय अम्बेडकर एससी छात्रावास चौथ का बरवाड़ा तथा 8 सितम्बर को राजकीय देवनारायण बालक छात्रावास चौथ का बरवाड़ा में जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
खण्डार उपखण्ड में 9 सितम्बर को राजकीय अम्बेडकर एसटी छात्रावास खण्डार, 10 सितम्बर को राजकीय अम्बेडकर एससी छात्रावास फलोदी, 11 सितम्बर को राजकीय अम्बेडकर एससी छात्रावास खण्डार सवाई माधोपुर तथा 15 सितम्बर को राजकीय देवनारायण बालक छात्रावास खण्डार में स्वास्थ्य विभाग की टीमें संभावित टीबी रोगियों की पहचान करेंगी।
हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के जरिए संस्थाओं और छात्रावासों में मौके पर चेस्ट एक्स-रे की सुविधा मिलने से संभावित टीबी मामलों की पहचान की जाएगी। पुष्टि होने वाले मरीजों का उपचार तत्काल शुरू किया जाएगा, जिससे जिले में क्षय रोग की समय पर पहचान और रोकथाम की दिशा में अभियान प्रभावी भूमिका निभाएगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
