सवाई माधोपुर: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम सभाओं में निक्षय शपथ आयोजित
100 दिवसीय अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां और विशेष शिविरों के माध्यम से टीबी रोगियों की पहचान का कार्य शुरू।

सवाई माधोपुर के ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित ग्राम सभा के दौरान 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत निक्षय शपथ लेते हुए स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि।
सवाई माधोपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत गांव-गांव और शहर-शहर में 'होल-ऑफ-गवर्नमेंट' व 'होल-ऑफ-सोसाइटी' दृष्टिकोण के साथ क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं। इस राष्ट्रव्यापी अभियान को अधिक गति प्रदान करने के उद्देश्य से 24 मार्च 2026 से संचालित 'टीबी मुक्त भारत अभियान-100 दिवसीय' के अंतर्गत शनिवार को जिले भर में सघन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान का मुख्य ध्येय उच्च जोखिम वाले ग्रामीण, शहरी एवं संवेदनशील समूहों में असिम्प्टोमेटिक टीबी सहित सभी संभावित रोगियों की सक्रिय पहचान कर उनका त्वरित उपचार सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में, 25 अप्रैल 2026 को आयोजित ग्राम सभाओं के स्थायी एजेंडे में क्षय उन्मूलन एवं टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रमुखता से शामिल किया गया। इन सभाओं में जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए उच्च जोखिम वाले ग्रामों में आयोजित विशेष शिविरों के माध्यम से जनसंवाद किया। इस दौरान गरिमामयी 'निक्षय शपथ' का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित समुदाय ने टीबी उन्मूलन को एक जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समुदाय के बीच व्याप्त भ्रांतियों और भेदभाव की दीवारों को तोड़कर जागरूक समाज के निर्माण पर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर इस अभियान को प्रभावी बनाकर जिले को टीबी मुक्त किया जा सके।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
