सवाई माधोपुर में टीबी रोगियों की खोज तेज, 24 जुलाई तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
सवाई माधोपुर में 24 जुलाई तक घर-घर टीबी एक्टिव केस फाईंडिंग अभियान चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें संभावित मरीजों की पहचान कर जांच और निशुल्क उपचार की प्रक्रिया शुरू करेंगी।

तस्वीर में स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य सवाई माधोपुर के एक ग्रामीण इलाके में स्थानीय निवासियों से बात कर रहे हैं और संभावित टीबी रोगियों की जांच के संबंध में जानकारी दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टी.बी. रोगियों की शीघ्र पहचान के उद्देश्य से 14 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर एक्टिव केस फाईंडिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर संभावित टी.बी. रोगियों की पहचान करेंगी तथा आवश्यकता अनुसार जांच के लिए प्रेरित करेंगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित कुमार गोयल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य टी.बी. रोगियों की समय पर पहचान कर उनका शीघ्र उपचार शुरू करवाना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सर्वेक्षण में जुटी टीमों को पूरा सहयोग दें। यदि परिवार के किसी सदस्य को दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना या खांसी के साथ खून आने जैसे लक्षण हों तो इसकी जानकारी टीम को अवश्य दें।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान चिन्हित संभावित रोगियों के बलगम के नमूने लेकर जांच करवाई जाएगी। आवश्यकता अनुसार एक्स-रे सहित अन्य जांचें भी कराई जाएंगी। टी.बी. रोग की पुष्टि होने पर मरीजों को नजदीकी राजकीय स्वास्थ्य केन्द्र पर निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि अभियान में आशा, एएनएम और स्वास्थ्य विभाग की अन्य टीमें सक्रिय रूप से भाग लेंगी। सर्वेक्षण से संबंधित सभी सूचनाएं आशा डिजिटम हेल्थ ऐप के माध्यम से दर्ज की जाएंगी। 24 जुलाई तक चलने वाला यह अभियान जिले में टी.बी. रोगियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
