जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में 216 विद्यार्थी होंगे सम्मानित
शिक्षा विभाग और रणथंभोर हेरीटेज सोसायटी द्वारा आयोजित समारोह में बोर्ड परीक्षा 2025 के मेधावी छात्र मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किए जाएंगे।

सवाई माधोपुर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह की पूर्व तैयारी के दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते अधिकारी।
शिक्षा में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग एवं रणथंभोर हेरीटेज सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन 27 अप्रैल सोमवार को प्रातः 10 बजे सर्किट हाउस रोड स्थित मैरिज गार्डन में किया जाएगा। समारोह में कक्षा 10 एवं 12 बोर्ड परीक्षा 2025 में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले जिले के 216 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर काना राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में पुलिस अधीक्षक ज्यैष्ठा मैत्रेयी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया तथा मुख्य वन संरक्षक शारदा प्रताप सिंह समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह समारोह जिले के लिए गौरव का अवसर माना जा रहा है। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
