सवाई माधोपुर में स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप देने और स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर जिले में 2 अक्टूबर तक स्वच्छता, जनभागीदारी, जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

आयुक्त नगर परिषद दलीप पूनिया ने बताया कि अभियान का उद्देश्य इसे एक दिवसीय सफाई अभियान तक सीमित रखने के बजाय सामूहिक स्वामित्व, व्यवहार परिवर्तन, जनभागीदारी एवं स्वच्छता के सतत रखरखाव को बढ़ावा देना है। इसके तहत स्वच्छता लक्षित इकाइयों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को भी स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। सफाई कार्य में लगे सफाई-मित्रों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

शनिवार को अभियान के तहत अरमान शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय, अंबेडकर नगर, खेरदा में नगर परिषद की सहयोगी संस्था सृजन सेवा संस्था की ओर से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था की टीम ने विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान कचरे के गीला, सूखा, हानिकारक एवं सेनेटरी चार प्रकारों के बारे में बताया गया तथा इन्हें अलग-अलग रखने और कचरा संग्रहण वाहन में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों एवं स्टाफ को खाली प्लॉट, सड़क एवं नालियों में कचरा नहीं डालने तथा सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग बंद कर कपड़े की थैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। विद्यालय परिवार ने संस्था की पहल की सराहना की।

आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि अभियान के दौरान आमजन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं विभिन्न संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इस वर्ष ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रति जागरूकता, विद्यार्थियों एवं युवाओं की भागीदारी, सामूहिक स्वामित्व तथा कबाड़ से उपयोगी उत्पाद एवं कला को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक चलने वाली गतिविधियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के साथ जनभागीदारी और व्यवहार परिवर्तन को केंद्र में रखा गया है, ताकि स्वच्छता अभियान को निरंतर गतिविधि के रूप में आगे बढ़ाया जा सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story