सवाई माधोपुर में बच्चों को यौन शोषण, दुर्व्यवहार और साइबर अपराधों से बचाने के लिए सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण के तहत शनिवार, 21 नवंबर 2026 को एडीआर सेंटर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत चयनित 25 राजकीय विद्यालयों के टीचर-इन-चार्ज को बाल सुरक्षा, कानूनी प्रावधानों और बच्चों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश, पोक्सो न्यायालय संख्या-01, सवाई माधोपुर मीनाक्षी जैन ने बच्चों की पहचान सुरक्षित रखने, आवश्यकतानुसार जानकारी साझा करने और उनकी गोपनीयता का सम्मान करने पर जोर दिया। उन्होंने पोक्सो अधिनियम 2012 के उद्देश्यों एवं प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के विरुद्ध लैंगिक अपराधों की समझ और उनकी रिपोर्टिंग से संबंधित जानकारी प्रदान की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम ने नालसा (बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं) योजना 2024 के उद्देश्यों तथा एलएसयूसी यूनिट की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। उन्होंने विद्यालय स्तर पर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बाल शोषण एवं दुर्व्यवहार के मामलों की पहचान करने और ऐसे मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करने में टीचर-इन-चार्ज की भूमिका और जिम्मेदारियों को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने संबंधित मामलों की सूचना उचित प्राधिकारी को देने तथा बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूक करने और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में उचित कदम उठाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी सुमन शर्मा ने बाल अधिकारों की मूल अवधारणा, बच्चों की गरिमा, सुरक्षा एवं सर्वोत्तम हितों के साथ उनके प्रति मैत्रीपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार की जानकारी दी। चाइल्ड हेल्पलाइन कॉर्डिनेटर मुकेश वर्मा और सुपरवाइजर मीना कुमारी ने अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों से सरल एवं संवेदनशील भाषा में संवाद करने, उनके मन में विश्वास कायम करने और उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनने के तरीके बताए। उन्होंने सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान, असुविधाजनक स्थिति में नहीं कहना, विश्वासपात्र व्यक्तियों की पहचान करना और उनसे सहायता मांगने के बारे में भी जानकारी दी।

मानव तस्करी यूनिट के एएसआई सैयद अन्सार अली ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में रेफरल तंत्र की जानकारी देते हुए पुलिस, विशेष किशोर पुलिस इकाई, मानव तस्करी यूनिट, बाल कल्याण समिति और अन्य सक्षम अधिकारियों की भूमिका समझाई। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया।

वहीं, साइबर पुलिस थाने के एएसआई रोहिताश सिंह ने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर अपराधों की पहचान, साइबर ग्रूमिंग और तकनीक से जुड़े जोखिमों के प्रति सतर्क किया। उन्होंने इमेज शेयरिंग, यौन शोषण और सेक्सटॉर्शन जैसे गंभीर विषयों पर भी जानकारी प्रदान की।

अभियान के आगामी चरण में 26 नवंबर 2026 को ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत चयनित 25 निजी विद्यालयों के टीचर-इन-चार्ज के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुरक्षित बचपन अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त एवं संरक्षणात्मक वातावरण सुनिश्चित करना है। इस पहल के तहत शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों, शोषण की पहचान, कानूनी सहायता और शिकायतों पर संवेदनशील कार्रवाई के प्रति प्रशिक्षित किया जा रहा है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story