सवाई माधोपुर: उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए एडीएम ने जांची व्यवस्थाएं
अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने 29 केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य ड्रेस कोड के संबंध में निर्देश जारी किए।

सवाई माधोपुर, 4 अप्रैल। उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने शनिवार को अल्फा ईग्लिश स्कूल, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, राधा किशन टीटी कॉलेज, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल 72 सिडी, आदर्श विद्या मंदिर, शहीद केप्टन रिपुदम सिंह पीजी कॉलेज, करियर प्वाइंट चिल्ड्रन एकेडमी सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा कार्यक्रम एवं समय सारणी
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को जिले के 29 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 16 हजार 968 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो पारियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम पारी प्रातः 11 बजे से 1 बजे तक तथा द्वितीय पारी अपरान्ह 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रथम पारी में प्रातः 10 बजे तथा द्वितीय पारी में दोपहर 2 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी के कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी, फ्लाइंग स्क्वॉड की सक्रियता एवं पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। "उन्होंने प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीट्स की सुरक्षा, सीलिंग एवं स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित संधारण को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।" उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों के 100 मीटर परिधि में साइबर कैफे एवं ई-मित्र केन्द्र परीक्षा अवधि में बंद रहेंगे तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच धातु डिटेक्टर के माध्यम से की जाएगी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
ड्रेस कोड एवं सख्त अनुशासन की अनिवार्यता
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु निर्धारित ड्रेस कोड एवं दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सभी अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। महिला परीक्षार्थियों को लाख अथवा कांच की पतली चूड़ियों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर परीक्षा केन्द्र पर आने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही किसी भी परीक्षार्थी को घड़ी, धूप का चश्मा, बेल्ट, हैंड बैग, हेयर पिन, गंडा/ताबीज, कैप/हैट, स्कार्फ, स्टॉल, शॉल अथवा मफलर जैसे वस्त्र या सामग्री पहनकर या साथ लाकर परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों हेतु निर्धारित परिधान
उन्होने बताया कि ड्रेस कोड के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को आधी आस्तीन की शर्ट/टी-शर्ट/कुर्ता, पेंट अथवा पायजामा तथा हवाई चप्पल/स्लीपर पहनकर ही परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होना होगा। इसी प्रकार महिला अभ्यर्थियों को सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता या ब्लाउज, हवाई चप्पल/स्लीपर पहनकर आना होगा तथा बालों में केवल साधारण रबर बैंड का ही उपयोग करना होगा। सिख धर्म के अभ्यर्थियों को कड़ा, कृपाण एवं पगड़ी जैसे उनके धार्मिक प्रतीकों के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान की जाएगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
