राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों पर मंथन, जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए निर्देश
सवाई माधोपुर में 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा हुई। जिला शिक्षा अधिकारी ने व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए।

तस्वीर में बैठक के दौरान कार्यालय में चर्चा करते अधिकारी और शिक्षक दिख रहे हैं।
70वीं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के 17 एवं 19 वर्ष छात्र वर्ग बास्केटबॉल आयोजन को लेकर गुरुवार को तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश गुप्ता की अध्यक्षता तथा प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य चंद्र शेखर जोशी की उपस्थिति में हुई बैठक में प्रतियोगिता से जुड़ी व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए संबंधित प्रभारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की जानकारी ली और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों और उनके साथ आने वाले टीम प्रभारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में प्रतियोगिता के लिए चिन्हित खेल मैदानों के रख-रखाव की जानकारी ली गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने शारीरिक शिक्षकों को खेल मैदानों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रतियोगिता के दौरान प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र लिखने का निर्णय भी लिया गया।
प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित आवास व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कमेटी को निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान विभिन्न प्रभारियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बताया गया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जिला मुख्यालय के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन, सवाई माधोपुर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों और कमेटी प्रभारियों को व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) विजय राम मीणा, उप जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा, उप जिला शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार मीणा तथा विभिन्न कमेटियों के प्रभारी ओम प्रभा आर्य, राजेश मंगल, कल्पना शर्मा, सोनम पाठक, राजेश शर्मा, राघवेंद्र शर्मा सहित शारीरिक शिक्षक बाल कृष्ण महावर, शेर सिंह, रामोतार, विजय, सुनील गर्ग, महेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
