सृजन की सुरक्षा योजना: नवजात बालिकाओं के जन्म पर पौधारोपण, ग्रीन कार्ड से नई पहल
सवाई माधोपुर में सृजन की सुरक्षा योजना के तहत नवजात बालिकाओं के जन्म पर वृक्षारोपण और ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डेकवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा नवजात बालिका के परिजनों को पौधा और ग्रीन कार्ड भेंट किया जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण को जोड़ते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर की ओर से “सृजन की सुरक्षा (ईको-फेमिनिज्म)” योजना के तहत नवजात बालिकाओं के जन्म पर वृक्षारोपण एवं ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार रालसा वन एवं बालिका वर्ष 2025 के अंतर्गत यह कार्यक्रम बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डेकवा, सवाई माधोपुर में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव समीक्षा गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एवं बालिका सशक्तिकरण दोनों ही समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा “सृजन की सुरक्षा” योजना प्रारंभ की गई है, जिसके माध्यम से बेटियों के जन्म को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
सचिव समीक्षा गौतम ने बताया कि योजना के तहत जिले में पूर्व में चयनित खिलचीपुर, शेरपुर ग्राम पंचायत के अतिरिक्त अब डेकवा ग्राम पंचायत को भी सम्मिलित किया गया है। चयनित ग्राम पंचायतों में प्रत्येक नवजात बालिका के जन्म पर 11 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन पौधों की देखभाल बालिका के परिवार एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर ग्राम डेकवा में जन्म लेने वाली प्रत्येक नवजात बालिका को विशिष्ट पहचान पत्र के रूप में ग्रीन कार्ड वितरित किए गए। सचिव समीक्षा गौतम ने बताया कि यह ग्रीन कार्ड बालिकाओं के सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा संबंधी अवसरों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता तक पहुंच को सरल बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान सचिव समीक्षा गौतम, विभागीय अधिकारियों, नवप्रसूता माताओं, ग्रामवासियों, विद्यालय के छात्र-छात्राओं, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल एवं अधिकार मित्रों द्वारा सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया गया। साथ ही प्रत्येक नवजात बालिका के परिजनों को पौधे वितरित कर उनकी उचित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में असिस्टेंट एलएडीसी अक्षय राजावत ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, ग्रामवासियों एवं अन्य आमजन को पौधारोपण के महत्व, पेड़-पौधों से होने वाले लाभों, लिंग आधारित भेदभाव समाप्त करने के उपायों तथा लिंग परीक्षण के मामले में सजा के प्रावधान आदि के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवल किशोर मीना, शिक्षा विभाग से अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सरोज मिश्रा, ग्राम पंचायत डेकवा के सरपंच कैलाश चन्द मीना, ग्राम विकास अधिकारी लाखन मीना, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डेकवा की प्रिंसीपल रेणु भास्कर, वन विभाग से वनपाल ताराचन्द यादव, पैनल अधिवक्ता नन्दकिशोर बैरवा, अधिकार मित्र मोरसिंह गुर्जर, आशाराम नागर एवं चन्दन मीना सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से नवजात बालिकाओं के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और विधिक जागरूकता को एक साथ बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
