सवाई माधोपुर में पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण को जोड़ते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सृजन की सुरक्षा (ईको-फेमिनिज्म) योजना के तहत नवजात बालिकाओं के जन्म पर वृक्षारोपण एवं ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार गुरुवार, 19 नवम्बर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जीनापुर, सवाई माधोपुर में आयोजित कार्यक्रम में नवजात बालिकाओं के परिजनों को पौधे वितरित किए गए और बालिकाओं को विशिष्ट पहचान पत्र के रूप में ग्रीन कार्ड प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता जूली खण्डेलवाल एवं बृजेन्द्र विजयवर्गीय ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं हैं। इसी उद्देश्य से राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने रालसा वन एवं बालिका वर्ष 2025 के तहत सृजन की सुरक्षा योजना प्रारंभ की है। इसके माध्यम से बेटियों के जन्म को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिले में पहले से चयनित खिलचीपुर, शेरपुर और डेकवा ग्राम पंचायतों के अतिरिक्त अब जीनापुर ग्राम पंचायत को भी शामिल किया गया है। चयनित ग्राम पंचायतों में प्रत्येक नवजात बालिका के जन्म पर 11 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन पौधों की देखभाल बालिका के परिवार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी।

पैनल अधिवक्ता जूली खण्डेलवाल एवं बृजेन्द्र विजयवर्गीय ने ग्राम डेकवा में जन्म लेने वाली प्रत्येक नवजात बालिका को विशिष्ट पहचान पत्र के रूप में ग्रीन कार्ड प्रदान किया। उन्होंने बताया कि यह ग्रीन कार्ड बालिकाओं के सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा संबंधी अवसरों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। योजना के माध्यम से बालिकाओं के जन्म को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर उनके अधिकारों, सुरक्षा और भविष्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों, नवप्रसूता माताओं, ग्रामवासियों, विद्यालय के छात्र-छात्राओं, पैनल अधिवक्ताओं और अधिकार मित्रों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया। साथ ही प्रत्येक नवजात बालिका के परिजनों को पौधे वितरित कर उनके उचित रखरखाव और संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवल किशोर मीना, शिक्षा विभाग से अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) सरोज मिश्रा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अजय सोनी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जीनापुर की प्रिंसीपल धर्मेष्ठा, अधिकार मित्र मुकेश कुमार शर्मा, मगनलाल मीना, धनराज मीना और गिर्राज रैगर सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से नवजात बालिकाओं के जन्म पर पौधारोपण और ग्रीन कार्ड वितरण के जरिए पर्यावरण संरक्षण तथा बालिका सशक्तिकरण को एक साथ बढ़ावा देने की पहल की गई।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story