पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण को एक साथ जोड़ते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर ने शुक्रवार को रणथम्भौर रोड स्थित शिल्पग्राम में “सृजन की सुरक्षा (ईको-फेमिनिज्म)” योजना के तहत नवजात बालिकाओं के जन्म पर वृक्षारोपण एवं ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव समीक्षा गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं हैं। इसी सोच को साकार करने के लिए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा “सृजन की सुरक्षा” योजना प्रारंभ की गई है, जिसके माध्यम से बेटियों के जन्म को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में पूर्व में चयनित खिलचीपुर ग्राम पंचायत के अतिरिक्त अब शेरपुर ग्राम पंचायत को भी योजना में शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि चयनित ग्राम पंचायतों में प्रत्येक नवजात बालिका के जन्म पर 11 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन पौधों की देखभाल बालिका के परिवार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी। सचिव समीक्षा गौतम ने ग्राम शेरपुर में जन्म लेने वाली प्रत्येक नवजात बालिका को विशिष्ट पहचान पत्र के रूप में ग्रीन कार्ड वितरित करते हुए कहा कि यह पहल बालिकाओं के सुरक्षित और सशक्त भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्रीन कार्ड के माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा संबंधी अवसरों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता तक पहुंच आसान बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान सचिव समीक्षा गौतम, विभागीय अधिकारियों, नवप्रसूता माताओं, ग्रामवासियों, पैनल अधिवक्ताओं और अधिकार मित्रों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया। प्रत्येक नवजात बालिका के परिजनों को पौधे वितरित कर उनकी उचित देखभाल और संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर समीक्षा गौतम ने जैव विविधता के महत्व, उसके प्रकारों, दुर्लभ प्रजातियों की रक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा मानव जीवन और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने में जैव विविधता की भूमिका पर भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में असिस्टेंट एलएडीसी अक्षय राजावत ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, ग्रामवासियों और अन्य उपस्थित लोगों को पौधारोपण के महत्व तथा पेड़-पौधों से होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से लिंग आधारित भेदभाव समाप्त करने और बालिका जन्म को उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवल किशोर मीना, शिक्षा विभाग के प्रशासनिक अधिकारी महेन्द्र कुमार जैन, ग्राम पंचायत शेरपुर के सरपंच ओमप्रकाश सैनी, ग्राम विकास अधिकारी बृजेश पाराशर, वन विभाग के नर्सरी इंचार्ज महेन्द्र मीना, पंचायतीराज विभाग के सहायक विकास अधिकारी प्रकाश त्रिवेदी, डिप्टी एलएडीसी वीरेन्द्र कुमार वर्मा, पैनल अधिवक्ता अभय कुमार गुप्ता, न्यायमित्र नन्दकिशोर बैरवा एवं तपेश जैन, अधिकार मित्र मुकेश कुमार शर्मा, धनराज मीना, गिर्राज रैगर, मगनलाल मीणा, बुनियाद अली, सुनिता जोनवाल, रिंकी सैन, अनिता कंवर सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक वृक्षारोपण और नवजात बालिकाओं को ग्रीन कार्ड वितरण ने “बेटी और प्रकृति संरक्षण” के साझा संदेश को मजबूत किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की यह पहल बालिका सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक अभियान के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story