सवाई माधोपुर: स्मैक तस्करी का वांछित आरोपी आसिब बूंदी से गिरफ्तार
एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी आसिब उर्फ कालू को पुलिस ने गिरफ्तार कर कब्जे से कीपैड मोबाइल फोन जब्त किया।

तस्वीर में बाईं ओर पुलिस वर्दी में कांस्टेबल विकास और दाईं ओर गिरफ्तार आरोपी आसिब दिखाई दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ स्मैक की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में लंबे समय से वांछित आरोपी आसिब उर्फ कालू को बूंदी जिले के सुमेरगंजमंडी इन्द्रगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक बेचने के काम में उपयोग लिया गया एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह तथा अतिरिक्त कार्यभार पुलिस उपाधीक्षक शहर जयप्रकाश अटल के निकटतम सुपरविजन में पुलिस थाना कोतवाली के थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को पुलिस थाना मानटाउन द्वारा गश्त के दौरान रेलवे यार्ड के पास आरोपी गिर्राज सोनी को बिना अनुज्ञापत्र के अवैध मादक पदार्थ स्मैक बेचते हुए गिरफ्तार किया गया था। उस समय उसके कब्जे से पन्नी सहित 14 ग्राम स्मैक जब्त की गई थी। मामले में थाना मानटाउन पर प्रकरण संख्या 192/26 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी गिर्राज सोनी ने खुलासा किया कि उसने यह स्मैक रेलवे स्टेशन के पास, सुमेरगंजमंडी इन्द्रगढ़ निवासी आसिब उर्फ कालू, पुत्र स्वर्गीय समसुद्दीन, से खरीदी थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। लगातार तलाश के बाद कोतवाली थाना पुलिस टीम ने बूंदी जिले के सुमेरगंजमंडी इन्द्रगढ़ में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से स्मैक तस्करी नेटवर्क के संबंध में अनुसंधान जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से स्मैक बेचने के कार्य में उपयोग लिया गया एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी मदनलाल मीणा के साथ उपनिरीक्षक हुकमसिंह, हेड कांस्टेबल हम्बीर सिंह, कांस्टेबल मनीष, सचिन, राजीव, राजेन्द्र तथा कांस्टेबल विकास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, विशेष रूप से कांस्टेबल विकास की भूमिका कार्रवाई में प्रमुख रही। मामले में आगे की जांच जारी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
