जिले के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार अथवा वेतन-आधारित नौकरी के लिए सक्षम बनाने की दिशा में प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। प्रधानमंत्री कौशल प्रशिक्षण और मुख्यमंत्री कौशल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित कार्यक्रमों की अब गहन निगरानी की जाएगी।

जिला कलक्टर काना राम ने मंगलवार को जिला कौशल एवं उद्यमिता समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सभी कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन की नियमित और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट गतिविधियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला कौशल एवं उद्यमिता समिति की पहली बैठक में कलक्टर काना राम ने जिला रोजगार अधिकारी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के अधीक्षक, राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य और प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्रों के प्रभारी अधिकारियों से विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में संचालित कोर्स, विद्यार्थियों एवं इन्टर्न की उपस्थिति तथा उनके रोजगार की स्थिति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

बैठक में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सवाई माधोपुर में सभी आईटीआई, पॉलीटेकनीक संस्थान, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास केंद्रों, आरसेटी और जिला उद्याओग केंद्र द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं की रुचि, स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्धता और उद्यम विकास की संभावनाओं के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से संचालित किए जाएं।

उन्होंने सभी कौशल विकास केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं, निर्धारित पाठ्यक्रम, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और प्रशिक्षणार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने और शिकायत या लापरवाही सामने आने पर समुचित कार्रवाई करने को कहा।

काना राम ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन कराने तथा रोजगार मेलों के आयोजन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोजगार मेलों और प्रशिक्षण केंद्रों में प्लेसमेंट गतिविधियों के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशिक्षित एवं योग्य युवाओं को उचित रोजगार के अवसर मिलें।

इसके लिए कलक्टर ने संभावित रोजगार प्रदाताओं की अपडेट सूचियां तैयार करने तथा स्वयं का उद्यम स्थापित करने वाले युवाओं को केंद्र अथवा राज्य सरकार की विभिन्न ऋण योजनाओं और जिला अग्रणी बैंक सहित अन्य बैंकों से ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, आरएसएलडीसी, उप-क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालयों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कौशल विकास योजना तैयार करने की दिशा में भी प्रशासन ने कदम बढ़ाए हैं। सवाई माधोपुर में सोमवार को जिला कौशल विकास योजना तैयार करने के संबंध में आयोजित एक अन्य बैठक में जिले में युवाओं के कौशल और रोजगार की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अध्ययन संस्था पीडीकोर लिमिटेड के प्रतिनिधि ने बताया कि जिला कौशल विकास योजना तैयार करने के लिए आवश्यक आंकड़ों का संकलन किया जा रहा है। राज्य सरकार इस योजना के माध्यम से जिले में उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर विकसित करेगी।

इस बैठक में जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अधिकतम अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने युवाओं की मांग और उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने तथा प्रशिक्षण के बाद अधिकाधिक प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलक्टर ने विभागों को कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र युवाओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए कहा। साथ ही प्रशिक्षण संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के प्लेसमेंट और प्रशिक्षणोपरांत फॉलोअप पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को बेहतर कौशल, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

फोटो कैप्शन:- 14 पीआरओ 3 एवं 4 बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते जिला कलक्टर काना राम।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story