सवाई माधोपुर, 18 जुलाई। श्रम विभाग एवं राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने भवन निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को डिजिटल माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘श्रम सेतु’ और ‘ऑनलाइन लेबर चौक’ एप विकसित किए हैं। इन दोनों एप्स के माध्यम से जिले के एक लाख से अधिक श्रमिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ते हुए उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

सहायक श्रम आयुक्त राकेश कुमार मीना ने बताया कि इस पहल के बाद श्रमिकों को प्रतिदिन काम की तलाश में लेबर चौक अथवा सार्वजनिक स्थानों पर प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं होगी। मोबाइल एप के माध्यम से उन्हें रोजगार संबंधी जानकारी सीधे उपलब्ध होगी, वहीं नियोक्ता भी अपनी आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों से सीधे संपर्क कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के प्रचार-प्रसार और पंजीकरण के लिए टोंक बस स्टैंड तथा ईएसआई डिस्पेंसरी स्थित लेबर चौक पर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में श्रमिकों को दोनों एप्स की कार्यप्रणाली, ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया तथा रोजगार प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

‘श्रम सेतु’ एप के माध्यम से श्रमिक घर बैठे अपनी एसएसओ आईडी के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। जनआधार आधारित सत्यापन के बाद श्रमिक का मूल विवरण स्वतः दर्ज हो जाएगा। इसके साथ ही शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, ई-श्रम कार्ड, ईएसआई, ईपीएफ, पैन कार्ड तथा पिछले कार्यों का विवरण भी ऑनलाइन दर्ज किया जा सकेगा। इससे श्रमिकों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और उनकी प्रमाणिक पहचान स्थापित होगी।

वहीं ‘ऑनलाइन लेबर चौक’ एप श्रमिकों और नियोक्ताओं के बीच सीधे संपर्क का माध्यम बनेगा। श्रमिक अपने कौशल, अनुभव और कार्यक्षेत्र का विवरण दर्ज कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे, जबकि मकान मालिक, ठेकेदार और निर्माण कंपनियां कार्य का विवरण, अवधि, स्थान तथा उपलब्ध सुविधाओं सहित रोजगार संबंधी जानकारी एप पर साझा कर सकेंगी। एप में उपलब्ध चैट, कॉल और ‘हायर नाउ’ जैसी सुविधाओं के माध्यम से नियोक्ता सीधे श्रमिकों का चयन कर सकेंगे।

सहायक श्रम आयुक्त राकेश कुमार मीना ने जिले के भवन निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के सभी श्रमिकों से ‘श्रम सेतु’ और ‘ऑनलाइन लेबर चौक’ एप्स पर अधिकाधिक पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल पहल श्रमिकों के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगी तथा श्रमिकों और नियोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story