सवाई माधोपुर जिले के बामनवास थाना क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पुलिस ने दो माह पूर्व एसडीएम कार्यालय से चोरी हुए सरकारी दस्तावेजों का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दस्तावेज चुराने वाली दो युवतियों और उन्हें खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार और श्री नीलकमल मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली तथा श्री सीताराम मीना, पुलिस उपाधीक्षक वृत बामनवास के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी कैलाश चन्द शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई पूर्ण की है।

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 19-20 अप्रैल 2026 की रात्रि में अज्ञात व्यक्तियों ने एसडीएम कार्यालय बामनवास की निर्वाचन शाखा की खिड़की तोड़कर चुनाव पत्रावलियों व अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना बामनवास में चोरी का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने संदिग्धों, नशे के आदी व्यक्तियों और पूर्व में चोरी के मामलों में चालानशुदा अपराधियों से सघन पूछताछ की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। अनुसंधान के दौरान, दिनांक 1 जून 2026 को आसूचना अधिकारी श्री अशोक कुमार, कानि. 1419 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो कबाड़ी एक जुगाड़ (किसान बुग्गा) में भरकर संदिग्ध सरकारी दस्तावेज ले जा रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उक्त जुगाड़ को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें एसडीएम कार्यालय से चोरी हुआ सामान बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर दोनों कबाड़ियों को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के दौरान उन्होंने दस्तावेजों को लाडा काडा की ढाणी निवासी दो युवतियों से खरीदने का खुलासा किया। इसके पश्चात, दिनांक 2 जून 2026 को पुलिस ने सूचना के आधार पर पिपलाई रेलवे स्टेशन के पास से दोनों आरोपी युवतियों को डिटेन कर अनुसंधान उपरांत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में शरीफ पुत्र जुम्मा (38 वर्ष) और सौहिल खाँ पुत्र मकबूल (25 वर्ष), दोनों निवासी पिपलाई, तथा संगीता (20 वर्ष) एवं अंजली उर्फ पूर्ति उर्फ लक्ष्मी (21 वर्ष), दोनों पुत्रियां सरदार निवासी लाडा काडा की ढाणी शामिल हैं। इस संपूर्ण कार्यवाही में आसूचना अधिकारी श्री अशोक कुमार कानि. 1419 ने महत्वपूर्ण सूचनाएं जुटाईं, जबकि आई.ओ. श्री हेमन्त कुमार सउनि. व श्रीमती ममता शर्मा ने तत्परता से आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी में अहम भूमिका निभाई। पुलिस टीम में इनके अतिरिक्त हैडकानि. गोपाल सिंह, हैडकानि. भान सिंह और कानि. मोनू धाकड़ भी शामिल रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story