सवाई माधोपुर में बदला स्कूलों का समय, कक्षा 8 तक सुबह 7:30 से 12 बजे तक कक्षाएं
भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला कलेक्टर ने प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए नया समय निर्धारित किया है।

सवाई माधोपुर में भीषण गर्मी के बीच दोपहर 12 बजे स्कूल से घर लौटते छोटे बच्चे।
सवाई माधोपुर, 26 अप्रेल। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तापमान बढ़ने, भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताए जाने के बीच जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय संचालन समय में परिवर्तन किया गया है।
जिला कलक्टर काना राम के निर्देशानुसार मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसारिया ने आदेश जारी करते हुए सवाई माधोपुर जिले के समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक की कक्षाएँ 27 अप्रेल से सत्रांत तक सुबह 7ः30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों, समस्त स्टाफ तथा संचालित अन्य परीक्षाओं का समय यथावत रहेगा और इसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले राजकीय एवं निजी विद्यालयों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
भीषण गर्मी और हीट वेव की परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे छोटे बच्चों को लू और अत्यधिक तापमान के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
