जमूलखेड़ा विद्यालय में जनसहयोग से शिक्षा के नए युग की शुरुआत, 90 हजार की सहायता से बदलेगा शैक्षिक वातावरण
सवाई माधोपुर के जमूलखेड़ा विद्यालय में ग्रामीणों के सहयोग से 90 हजार की राशि जुटी, जिस पर सरकार का अतिरिक्त अनुदान जोड़कर 2.25 लाख का विकास कार्य तय हुआ। जानिए कैसे बदलेगा विद्यालय का शैक्षिक वातावरण और क्या है पूरी योजना का असर।

सवाई माधोपुर के जमूलखेड़ा में स्कूल स्टाफ ने अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता को 'भविष्य की उड़ान' और मुख्यमंत्री जनसहभागिता योजना के तहत 90 हजार रुपये का चेक सौंपा।
जिले में शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी और सरकारी योजनाओं के समन्वय से ग्रामीण विद्यालयों के विकास को नई दिशा मिल रही है। इसी क्रम में सवाई माधोपुर ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, जमूलखेड़ा में ग्रामीणों एवं विद्यालय स्टाफ के सहयोग से 90 हजार रुपए की जनसहयोग राशि प्रदान की गई, जिससे विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में संचालित “भविष्य की उड़ान” और मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत यह पहल ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने का उदाहरण बनकर सामने आई है।
विद्यालय स्टाफ के शंभू दयाल और हनुमान प्रसाद ने यह सहयोग राशि का चेक अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता को योजना के तहत जमा कराने हेतु सौंपा। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 90 हजार रुपए की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 1 लाख 35 हजार रुपए का अतिरिक्त राज्यांश प्रदान किया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को कुल लगभग 2 लाख 25 हजार रुपए की राशि उपलब्ध होगी।
इस राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक फर्नीचर क्रय करने, मरम्मत कार्य तथा इंटरलॉकिंग जैसे आधारभूत ढांचे के विकास में किया जाएगा। इससे विद्यालय में न केवल भौतिक सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि विद्यार्थियों के लिए अधिक अनुकूल एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण भी विकसित हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान सहायक परियोजना समन्वयक राकेश कुमार मीणा तथा पीएमयू प्रतिनिधि पंकज वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनसहभागिता और सरकारी सहयोग के इस संयुक्त प्रयास से विद्यालय के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
