जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण में मील का पत्थर साबित हो रही है। इसी गौरवशाली अभियान के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चौथ का बरवाड़ा के भौतिक कायाकल्प हेतु नलिनी फाउंडेशन ने 10 लाख रुपए की सहयोग राशि अर्पित कर सामाजिक सरोकार की एक अनुपम मिसाल पेश की है। फाउंडेशन की यह प्रेरणादायक पहल शिक्षा के प्रति उनकी सकारात्मक सोच और सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करती है। उक्त सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत जमा करने हेतु नलिनी फाउंडेशन के सचिव अजीम कुरेशी एवं प्रधानाचार्य मदन लाल मीणा द्वारा एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में जिला कलक्टर काना राम को सादर सुपुर्द किया गया।

इस अवसर पर एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज और विद्यालयों के बीच बढ़ता यह समन्वय ग्रामीण अंचलों के भौतिक एवं शैक्षिक विकास को एक नई और प्रभावी दिशा दे रहा है। कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने योजना के तकनीकी एवं वित्तीय पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनसहयोग से प्राप्त इस 10 लाख रुपए की राशि पर राज्य सरकार द्वारा नियमानुसार लगभग 15 लाख रुपए का अतिरिक्त राज्यांश प्रदान किया जाएगा, जिससे विद्यालय विकास हेतु कुल 25 लाख रुपए का विशाल फंड उपलब्ध होगा। इस निवेश का सदुपयोग विद्यालय में नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण, जर्जर भवन की मरम्मत, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिक भौतिक विकास कार्यों में किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को एक उच्च स्तरीय शैक्षिक वातावरण प्राप्त हो सके। ध्यातव्य है कि नलिनी फाउंडेशन ने विगत वर्ष भी शिक्षा क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए 20 लाख रुपए की लागत से विभिन्न राजकीय विद्यालयों में आईसीटी लैब की स्थापना एवं अन्य बुनियादी कार्य संपन्न कराए थे, जो ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में निरंतर सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story