सवाई माधोपुर: सौरती बाजार में 250 साल पुरानी परंपरा के साथ महाशिवरात्रि मेला आयोजित
सवाई माधोपुर के पुराने शहर में दो दिवसीय आयोजन के दौरान भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई और त्रिपुरासुर संहार लीला का मंचन किया गया।

सवाई माधोपुर के सौरती बाजार में महाशिवरात्रि के दूसरे दिन आयोजित भव्य शोभायात्रा में शामिल शिव स्वरूप कलाकार और उमड़े श्रद्धालु।
सवाई माधोपुर के शहर पुराने क्षेत्र सौरती बाजार में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अपनी स्थापना काल से चली आ रही करीब 250 वर्ष पुरानी परंपरा को निभाते हुए रविवार देर शाम दो दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ जिसको लेकर सोमवार दूसरे दिन भी मेला आयोजित हुआ।
भव्य शोभायात्रा और भगवान शिव की बारात
मेले के दौरान मुख्य बाजार में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई तथा आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
- महाशिवरात्रि मेला समिति के अध्यक्ष मोहनलाल मंगल ने बताया कि यहां स्थानीय लोग मेले की तैयारियां करीब एक सप्ताह पहले से शुरू कर देते हैं।
- महाशिवरात्रि से दो दिन पूर्व भगवान शिव का स्वरूप धारण करने वाले कलाकार को तैयार करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी जाती है।
- परंपरा के अनुसार "कलाकार को दो दिन तक भांग पिलाई जाती है तथा उसके शरीर पर भस्म से विशेष श्रृंगार किया जाता है।"
विशेष श्रृंगार और पूजा विधान
महाशिवरात्रि के दिन सर्वप्रथम मंदिर में भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शिव स्वरूप धारण करने वाले कलाकार का श्रृंगार किया गया।
कलाकार के सिर पर करीब 5 किलो वजनी मुकुट धारण कराया गया तथा शरीर पर भस्म लगाई गई। श्रृंगार के पश्चात भव्य शोभायात्रा निकाली गई और त्रिपुरासुर संहार लीला का मंचन किया गया।
त्रिपुरासुर संहार लीला का जीवंत मंचन
सौरती बाजार में आयोजित मेले के दौरान त्रिपुरासुर संहार लीला का आकर्षक मंचन भी किया गया।
- भगवान शिव बने पात्र ने धनुष-बाण से त्रिपुरासुर का वध किया।
- उसकी नगरी के दहन का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
- लीला के समापन के बाद भगवान शिव की महाआरती की गई और श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रशासनिक सुरक्षा एवं जन उत्साह
मेले के आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल बना। शिवरात्रि मेले के दूसरे दिन भी शहर में भव्य समारोह आयोजित हुआ जिसमें शहर सहित कस्बे के लोगों ने मेले में शामिल होकर भव्य बनाया।
वही मेले में सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
