सवाई माधोपुर: 'सपनों की उड़ान' कार्यक्रम में 77 युवाओं को मिले नियुक्ति-पत्र
राजीव गांधी प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय में आयोजित रोजगार उत्सव में नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और सीएम ने युवाओं से संवाद किया।

तस्वीर में बड़ी डिजिटल स्क्रीन पर मुख्यमंत्री और माइक थामे एक युवक लाइव संवाद करते दिख रहे हैं।
सवाई माधोपुर में शुक्रवार, 2 अक्टूबर को ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम के जिला स्तरीय आयोजन में 77 नवपदस्थापित युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय, रामसिंहपुरा के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सवाई माधोपुर निवासी अजय गुर्जर से संवाद किया। अजय गुर्जर ने नशे की लत से बाहर निकलने का अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने नव विकल्प संस्थान में उपचार लेकर नशे की आदत से छुटकारा पाया और पिछले तीन वर्षों से नशामुक्त जीवन जी रहे हैं।
अजय गुर्जर ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नशा किसी समस्या का समाधान नहीं है। इसके दुष्परिणाम स्वास्थ्य, परिवार, मानसिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार और भविष्य पर पड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने अजय गुर्जर से नशामुक्ति के बाद के अनुभवों तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने गांव एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय रोजगार उत्सव के दौरान जिला कलक्टर काना राम एवं संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. राजीव गर्ग ने विभिन्न विभागों में नवपदस्थापित 77 युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। इनमें प्रशासनिक सुधार विभाग के 3, आयुर्वेद विभाग के 6, कॉलेज शिक्षा विभाग के 1, कार्मिक विभाग के 28, यूनानी चिकित्सा विभाग के 7, पशुपालन विभाग के 24, राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के 2, राजस्थान पुलिस के 1, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 2, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 1 तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग के 2 युवा शामिल हैं।
नवपदस्थापित युवाओं को विभिन्न विभागों में स्टेनोग्राफर, आयुर्वेद चिकित्सक, नर्स/कम्पाउंडर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सहायक आचार्य, विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय पद, पशु चिकित्सा अधिकारी, कनिष्ठ सहायक, तकनीकी पद, एएनएम, नर्सिंग ऑफिसर, लाइब्रेरियन ग्रेड-III तथा ग्रुप इंस्ट्रक्टर सहित विभिन्न पदों पर नियुक्ति मिली है।
जिला कलक्टर काना राम ने नवपदस्थापित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राजकीय सेवा में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करें तथा आमजन को बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने में योगदान दें।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्योति गुप्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी, नवपदस्थापित युवा एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
