कोतवाली आलनपुर के सामने स्थित दरगाह शेख सलीमउद्दीन चिश्ती उर्फ सैलानी बाबा का सालाना उर्स रविवार को श्रद्धा और अकीदत के साथ आयोजित होगा। प्रतिवर्ष मोहर्रम के चांद की 12 तारीख को आयोजित होने वाले इस धार्मिक उत्सव में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों जायरीन और अकीदतमंद शामिल होकर दरगाह पर हाजिरी देंगे।

दरगाह के सज्जादानशीन काजी अहतशामुद्दीन ने बताया कि उर्स के अवसर पर सुबह कुरान खानी (कुरान का पाठ) का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात शाम को पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार चादर पेश की जाएगी। उर्स में आने वाले सभी जायरीनों और अकीदतमंदों को बराये इसाले सवाब तबर्रुक (प्रसाद) वितरित किया जाएगा तथा पीने के लिए शरबत का विशेष एहतमाम किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर टोंक के प्रख्यात कारी हाफिज इज्जत अली टोंकी तशरीफ लाकर नातिया कलाम पेश करेंगे, जिसके बाद फातिहा खानी संपन्न होगी।

सैलानी बाबा का यह सालाना उर्स प्रतिवर्ष मोहर्रम के चांद की 12 तारीख को आयोजित किया जाता है। इसमें सभी धर्मों के हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं, जो राज्य के कोने-कोने से यहां पहुंचते हैं। उर्स के दौरान आपसी भाईचारा कायम रहे तथा देश में हिंदू-मुस्लिम एकता, अमन और चैन बना रहे, इसके लिए विशेष दुआ की जाएगी।

प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला सैलानी बाबा का यह उर्स (मेला) सभी धर्मों के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। वर्षों से आयोजित यह धार्मिक आयोजन सवाई माधोपुर में सांप्रदायिक सौहार्द, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की जीवंत एवं अनूठी मिसाल बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story