कोतवाली आलनपुर के सामने स्थित दरगाह शेख सलीमुद्दीन चिश्ती उर्फ सैलानी बाबा का सालाना उर्स रविवार को धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित हुआ। उर्स में राज्य के कोने-कोने से पहुंचे हजारों जायरीन, अकीदतमंदों और सभी धर्मों के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।

दरगाह के सज्जादानशीन काजी अहतशामुद्दीन ने बताया कि उर्स के अवसर पर सुबह कुरान खानी (कुरान का पाठ) का आयोजन किया गया। इसके पश्चात शाम को पारंपरिक रूप से चादर पेश की गई। उर्स में आने वाले सभी जायरीनों और अकीदतमंदों को बराये इसाले सवाब तबर्रुक (प्रसाद) वितरित किया गया तथा पीने के लिए शरबत का भी विशेष एहतमाम किया गया।

इस विशेष अवसर पर टोंक के प्रख्यात कारी हाफिज इज्जत अली टोंकी ने नातिया कलाम पेश किया, जिसके बाद फातिहा खानी संपन्न हुई। धार्मिक आयोजन के दौरान देश में आपसी भाईचारा कायम रहने तथा हिंदू-मुस्लिम एकता, अमन और चैन बना रहने के लिए विशेष दुआ की गई।

सैलानी बाबा के सालाना उर्स (मेला) में सभी धर्मों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वर्षों से आयोजित यह धार्मिक आयोजन सवाई माधोपुर में सांप्रदायिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की भावना की एक अनूठी एवं जीवंत मिसाल बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story