सवाई माधोपुर में 28 फरवरी तक चलेगा सांस अभियान, बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए घर-घर होगी स्क्रीनिंग
सवाई माधोपुर में 12 नवंबर से 28 फरवरी तक सांस अभियान चलाया जाएगा। आशा और एएनएम घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगी। जानें निमोनिया के लक्षण, बचाव के उपाय और पीसीवी टीकाकरण का पूरा कार्यक्रम।

सवाई माधोपुर में पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया से बचाने और बीमारी की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 'सांस अभियान' शुरू किया है। यह अभियान 12 नवंबर से 28 फरवरी तक जिले में संचालित होगा। इसके तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगे और अभिभावकों को निमोनिया के लक्षण, बचाव तथा समय पर उपचार के प्रति जागरूक करेंगे। चिकित्सा संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि राज्य स्तर से मिले निर्देशों के अनुसार अभियान के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आशा सहयोगिनियां और एएनएम घर-घर जाकर सर्वे करेंगी तथा बीमार बच्चों की पहचान करेंगी। जरूरतमंद बच्चों को तत्काल चिकित्सा संस्थानों में रेफर कर समुचित उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा।
अभियान की थीम 'निमोनिया नहीं तो बचपन सही' रखी गई है। इसके तहत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, चिकित्सा संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां होंगी। आशा सहयोगिनियां एवं एएनएम अभिभावकों को बच्चों में निमोनिया के लक्षण पहचानने और समय पर उपचार करवाने के लिए प्रेरित करेंगी।
डॉक्टर जेमिनी ने बताया कि निमोनिया से बचाव के लिए बच्चों का समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। इसके लिए पीसीवी वैक्सीन की तीन खुराक निर्धारित समय पर लगवानी चाहिए। पहली खुराक 6 सप्ताह, दूसरी 14 सप्ताह और तीसरी 9 माह की उम्र में लगाई जाती है। यह वैक्सीन सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में निशुल्क उपलब्ध है।
बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए घर में धुआं नहीं होने देना चाहिए और खिड़कियां खुली रखनी चाहिए। जन्म के पहले घंटे में नवजात को स्तनपान कराना और जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध देना जरूरी है। छह माह की उम्र के बाद बच्चे को पूरक आहार देना शुरू करना चाहिए। पीने के पानी को ढककर रखना चाहिए। खाना बनाने और खिलाने से पहले तथा शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत अपनानी चाहिए। सर्दियों में बच्चों को मौसम के अनुसार गर्म कपड़े पहनाने के साथ उनका संपूर्ण टीकाकरण भी समय पर करवाना चाहिए।
अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को निमोनिया के प्रमुख लक्षणों की जानकारी भी दी जाएगी। इनमें लगातार खांसी, तेज सांस चलना, सांस लेने में परेशानी और सांस लेते समय छाती का अंदर की ओर धंसना शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी है। बच्चे में निमोनिया के लक्षण दिखाई देने पर उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। गंभीर स्थिति में बच्चे को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जाएगा, ताकि समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
इसी क्रम में जिले में 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह भी मनाया जाएगा। इस दौरान नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित देखभाल और जीवन रक्षा से जुड़े विषयों पर विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। माताओं को जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान शुरू कराने और छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। सांस अभियान और राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग का जोर बच्चों में निमोनिया की समय पर पहचान, रोकथाम और नवजात शिशुओं की सुरक्षित देखभाल सुनिश्चित करने पर रहेगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
