8 और 9 जुलाई को सवाई माधोपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान
सवाई माधोपुर में 8 और 9 जुलाई को विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे। जिला कलक्टर काना राम ने आमजन की शिकायतों के मौके पर निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार सवाई माधोपुर जिले के सभी उपखण्ड क्षेत्रों में ग्राम पंचायतवार 15 जुलाई 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर रहे हैं, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि 8 जुलाई को पंचायत समिति सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत रांवल एवं बन्धा में तथा पंचायत समिति गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायत कुनकटाकलां के भारत निर्माण सेवा केन्द्र में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की परिवेदनाओं का निस्तारण करेंगे।
उन्होंने बताया कि 9 जुलाई को पंचायत समिति सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत चकेरी, रवांजना चौड़ एवं रामपुरा में तथा पंचायत समिति गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायत बूचौलाई के भारत निर्माण सेवा केन्द्र में ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित विभागों की ओर से आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और शिकायतों का मौके पर समाधान किया जाएगा।
जिला कलक्टर काना राम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सेवा शिविरों में आने वाले आमजन की सभी परिवेदनाओं का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। 15 जुलाई 2026 तक चलने वाले ये ग्रामीण सेवा शिविर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद तथा त्वरित समाधान की व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
