जिले की ग्राम पंचायतों में 15 जुलाई तक 21 विभागों के सहयोग से विशेष शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।

सवाई माधोपुर जिले में आमजन तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के समीप ही जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है। शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर आयोजित किए जाएंगे, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होंगी और समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि इन शिविरों में राजस्व विभाग सहित कुल 21 विभागों की भागीदारी रहेगी। राजस्व, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सहकारिता, परिवहन, वन सहित अन्य विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ, प्रमाण पत्रों का निर्गमन, पेंशन संबंधी कार्य, नामांतरण, अतिक्रमण हटाने, आयुष्मान कार्ड, टीकाकरण, फसल बीमा सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्रामीण विकास विभाग प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य योजनाओं के तहत पात्र परिवारों को लाभान्वित करेगा तथा स्वयं सहायता समूहों के गठन और बैंक लिंकेज की प्रक्रिया को गति देगा।

शिविरों में डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली के तहत ऑनलाइन पोर्टल पर प्रतिदिन की प्रगति दर्ज की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उपखंड अधिकारी गौरव मित्तल के अनुसार 12 जून को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों जैसे जटवाड़ा कलां, जीनापुर, सलेमपुर, लाखनपुर, बहरावण्डा खुर्द, बिंजारी, निमोद, सुकार, उदेई खुर्द और गोठ स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्रों पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

इन शिविरों में ग्रामीण विकास, राजस्व शुद्धिकरण, सीमाज्ञान, खातों के विभाजन, प्रमाण पत्र जारी करने, पशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, फसल बीमा, विद्युत शिकायतों का निस्तारण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन सत्यापन, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी सहित अनेक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक पहुंच को और अधिक मजबूत करते हुए सुशासन को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story