सवाई माधोपुर में राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत ग्राम पंचायत भूरी पहाड़ी में आयोजित शिविर के दौरान वर्षों से लंबित एक महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरण का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। शिविर में सहखातेदारी कृषि भूमि के विभाजन का मामला दोनों पक्षों की आपसी सहमति से निस्तारित किया गया।

शिविर के दौरान परिवादी रूगनाथ पुत्र बजरंगा मीना एवं हरि पुत्र बजरंगा मीना के मध्य सहखातेदारी कृषि भूमि के विभाजन (बंटवारे) का मामला प्रस्तुत किया गया। यह विवाद लंबे समय से लंबित था, जिसके कारण दोनों पक्षों को राजस्व अभिलेखों तथा भूमि उपयोग से संबंधित कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

खण्डार उपखण्ड के नायब तहसीलदार पुष्कर सिंह ने शिविर में उपस्थित रहकर दोनों पक्षों की सहमति से प्रकरण का त्वरित परीक्षण किया और सहखातेदारी भूमि के विभाजन की कार्रवाई मौके पर ही पूर्ण कराई। संबंधित खाता संख्या 352 की कुल 22.16 बीघा भूमि का विधिवत बंटवारा किया गया तथा आदेश की प्रति दोनों पक्षों को शिविर में ही उपलब्ध करा दी गई।

वर्षों से लंबित इस विवाद के समाधान के बाद दोनों पक्षों ने राज्य सरकार की ग्रामीण सेवा शिविर पहल की सराहना करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान संभव हो रहा है। इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित राजस्व विवाद का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story