सवाई माधोपुर में ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आर.सेटी.) द्वारा आयोजित 12 दिवसीय निःशुल्क डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण का शुक्रवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 30 ग्रामीण प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

यह प्रशिक्षण ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा जिले के अग्रणी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा प्रायोजित बड़ौदा आर.सेटी. के माध्यम से आयोजित किया गया था। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक पंकज मीना ने प्रशिक्षणार्थियों को केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी और उनका मनोबल बढ़ाया।

आरसेटी निदेशक नीरज गोपालिया ने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों को डेयरी पालन के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्यमिता विकास से संबंधित जानकारी भी दी गई। फील्ड विजिट के माध्यम से क्षेत्र में अपनाई जा रही उन्नत डेयरी फार्म तकनीकों जैसे बायोगैस, जीवामृत-स्लरी, वर्मी कम्पोस्ट, डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट में मावा-पनीर निर्माण और ऑर्गेनिक फार्मिंग की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान बैंकों की विभिन्न सरकारी योजनाओं, विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ब्याज मुक्त ऋण प्राप्त करने के लिए संबंधित बैंकों से ऋण सहायता लेने की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षणार्थियों को उचित परामर्श दिया गया।

पशुपालन विभाग से डॉ. आशीष जैन ने पशुपालन एवं टीकाकरण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में पूर्व राज्य निदेशक (आर सेटी) माधोराम जी, एएलडीएम पवन कुमार, कार्यक्रम समन्वयक लोकेश जांगिड़, संस्थान के वरिष्ठ संकाय राजेंद्र बैरवा, निरमा चौधरी, मनराज माली, कपिल कुमार, रमजू गुर्जर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि जिला मुख्यालय स्थित बड़ौदा आर.सेटी. द्वारा ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निःशुल्क आवासीय स्किल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। संस्थान में आगामी प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सिलाई मशीन, सॉफ्ट टॉयज निर्माण, आर्टीफिशियल आभूषण निर्माण, डेयरी फार्मिंग, वर्मी कंपोस्ट निर्माण, ब्यूटी पार्लर एवं सैलून, एसी-फ्रिज रिपेयरिंग, सीसीटीवी इंस्टालेशन, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी सहित अन्य प्रशिक्षण शामिल हैं। इन प्रशिक्षणों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्रेशन बंबोरी चौराहे स्थित संस्थान कार्यालय में जारी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story