जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को सवाई माधोपुर आगार को मिलीं 8 नई रोडवेज बसों को जिला कलक्टर काना राम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बसों के संचालन से सोरोंजी, धौलपुर एवं नारायणपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए यातायात कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इनमें से तीन बसें पुरानी एवं खराब बसों का स्थान लेंगी।

नई बसों के रवाना होने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अक्षत, रोली एवं पुष्प मालाओं से बसों का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद जिला कलक्टर काना राम ने बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा के लिए रवाना किया।

जिला कलक्टर ने कहा कि सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था आमजन की दैनिक आवश्यकताओं से सीधे जुड़ी हुई है। नई बसों के संचालन से जिले की अन्य शहरों एवं क्षेत्रों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने रोडवेज अधिकारियों को बसों का समयबद्ध संचालन, नियमित रखरखाव तथा यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम को मिली 144 नई बसों में से 8 बसें सवाई माधोपुर डिपो को आवंटित की गई हैं। डिपो प्रबंधक पीयूष जैन ने बताया कि इनमें दो बसों का संचालन सवाई माधोपुर से भरतपुर होते हुए सोरोंजी मार्ग पर किया जाएगा। वहीं दो बसें सवाई माधोपुर-जयपुर एवं जयपुर-धौलपुर मार्ग पर संचालित होंगी। एक बस सवाई माधोपुर से थानागाजी होते हुए नारायणपुर मार्ग पर चलेगी। शेष तीन नई बसों को पुरानी एवं खराब बसों के स्थान पर वर्तमान मार्गों पर संचालित किया जाएगा।

नई बस सेवाओं से जयपुर, धौलपुर, भरतपुर, सोरोंजी, थानागाजी एवं नारायणपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, पर्यटकों एवं नियमित यात्रियों को लाभ होगा। साथ ही मौजूदा मार्गों पर रोडवेज सेवाएं अधिक सुविधाजनक एवं विश्वसनीय बन सकेंगी।

डिपो प्रबंधक पीयूष जैन ने बताया कि सवाई माधोपुर आगार से वर्तमान में जयपुर, टोंक, अलवर, दौसा, बौंली, लालसोट, अजमेर, धौलपुर एवं उदयपुर सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों के लिए नियमित बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। डिपो से प्रतिदिन करीब 32 बसों के माध्यम से लगभग 10 से 11 हजार यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिल रही है।

नई बसों के संचालन से रोडवेज की पहुंच बढ़ने के साथ मौजूदा सेवाओं को और अधिक नियमित एवं सुविधाजनक बनाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर डिपो प्रबंधक पीयूष जैन, पूर्व उपसभापति राजेश गोयल, समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन, लालचन्द गौतम सहित रोडवेज अधिकारी-कर्मचारी, यात्री एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story