सवाई माधोपुर, 17 सितम्बर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों को समन्वित और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला कलक्टर काना राम ने गुरुवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटना में होने वाली हर मौत के कारणों का तकनीकी ऑडिट कराने, एक्सप्रेस-वे के किनारे संचालित अवैध ढाबों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों के प्रति बेहद गम्भीर है तथा इनकी संख्या न्यूनतम करने के लिए हर मौत का ऑडिट किया जाना आवश्यक है। उन्होंने भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की सड़क सुरक्षा से संबंधित एजेन्सी आई-रेड को हर सड़क दुर्घटना के कारणों पर जांच रिपोर्ट संबंधित एजेन्सी तथा पुलिस को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस तथा सड़क एजेन्सी अपने स्तर पर इस रिपोर्ट की विवेचना कर दुर्घटना के कारणों का निस्तारण करें और जिला प्रशासन को इसका विवरण प्रस्तुत करें।

काना राम ने जिले से निकल रहे दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे संचालित अवैध ढाबों के खिलाफ उचित कार्यवाही कर उन्हें हटाने, संरचनाओं को ध्वस्त करने और ढाबा संचालकों के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज करने सहित अन्य विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक्सप्रेस-वे तथा अन्य राजमार्गों पर ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने जिले के सभी महत्वपूर्ण मार्गों पर बारिश के बाद सड़कों में हुए गड्ढों को ठीक कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरन्त मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सड़क निर्माण एजेन्सियों को अपने अधिकार क्षेत्र में मरम्मत तथा सड़कों के किनारों पर फैली हुई झाड़ियों को हटाने का कार्य जल्द पूरा करने और 30 सितम्बर तक इन कार्यों के पूर्ण होने के प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सर्दियों में धुंध और कोहरे के दृष्टिगत सड़क निर्माण एजेन्सियों तथा शहरी क्षेत्रों में स्थानीय निकाय अधिकारियों को सड़कों के किनारे सफेद पट्टी फिर से लगाने के निर्देश भी दिए।

काना राम ने रणथम्भौर रोड पर ट्रेक्टरों में तेज आवाज में गीत-संगीत बजाने से राष्ट्रीय उद्यान में वन्यजीवों तथा पर्यटकों को होने वाली असुविधा के दृष्टिगत पुलिस विभाग को इस गतिविधि पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके लिए ट्रेक्टर और लाउडस्पीकर को सीज करने की कार्यवाही करने को कहा गया।

उन्होंने परिवहन विभाग को विद्यार्थियों के लिए संचालित बालवाहिनियों की फिटनेस जांच पर सख्त कार्यवाही करने और इसके लिए स्कूल संचालकों को नोटिस देने का सुझाव दिया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को ट्रक ऑपरेटर्स और परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर वाहन चालकों की आँखों की जांच के लिए विशेष शिविर लगवाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों के माध्यम से जन-जागरूकता के लिए सड़क सुरक्षा रैली और अन्य गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के संबंध में राज्य के मुख्य सचिव की ओर से प्राप्त निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग हरि सिंह मीना, जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, पुलिस उपाधीक्षक ग्रामीण रामधन जाट सहित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राजस्थान सड़क निर्माण निगम, रिडकोर, शिक्षा आदि विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की तकनीकी जांच से लेकर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, अवैध ढाबों पर विधिक कार्रवाई, वाहन चालकों की स्वास्थ्य जांच और जन-जागरूकता गतिविधियों तक सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story