सवाई माधोपुर: सड़क निर्माण से टूटी पाइपलाइन और सीवरेज, जनता परेशान
पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा मानकों की अनदेखी से घरों की पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त, लोग निजी खर्चे पर मरम्मत कराने को मजबूर और सीवरेज चैंबर मलबे में दबे।
सवाई माधोपुर। जिला मुख्यालय के नगर परिषद क्षेत्र में सवाई माधोपुर विधायक एवं कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की अनुशंसा पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। लेकिन यह निर्माण कार्य मानकों की अनदेखी, गुणवत्ता की कमी और अकुशल श्रमिकों के सहारे कराए जाने के आरोपों के चलते स्थानीय लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है।
निर्माण में लापरवाही और जनता पर आर्थिक बोझ
- स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क को इस कदर मनमाने तरीके से खोदा गया कि कई मकानों की पाइपलाइनें और नाले क्षतिग्रस्त हो गए।
- इसके चलते गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है।
- लोग खुद 5-10 हजार खर्च कर नल व सिवरेज को सही करवाने को मजबूर हैं।
प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा मॉनिटरिंग का अभाव
लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी जांच नहीं की जा रही है। न तो सड़क की निर्धारित चौड़ाई का ध्यान रखा जा रहा है और न ही यह देखा जा रहा है कि सड़क कितनी फिट चौड़ी बनाई जानी चाहिए। निर्माण कार्य पूरी तरह ठेकेदारों की मनमर्जी से किया जा रहा है, जबकि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर निरीक्षण तक करने नहीं पहुंच रहे हैं।
करोड़ों की सीवरेज लाइन का बुरा हाल
स्थानीय लोगों ने यह गंभीर आरोप लगाए हैं कि सड़क निर्माण के दौरान कई सीवरेज चैंबरों को तोड़ दिया गया, जिन्हें दुरुस्त करने के बजाय सड़क के नीचे ही दबा दिया गया। नागरिकों का कहना है कि यह लापरवाही भविष्य में बड़ी समस्या का रूप ले सकती है और सीवरेज जाम या सड़क धंसने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
क्षेत्रवासियों की मांग
- सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- क्षतिग्रस्त पाइपलाइन व सीवरेज चैंबरों को तुरंत ठीक करवा कर उसके पश्चात ही सड़क का निर्माण कराया जाए।
- निर्माण कार्य को तय मापदंडों और गुणवत्ता के अनुसार ही पूरा किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
अधिकारियों का पक्ष
इस संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से बात की तो उन्होंने बताया:
"शिवराज की लाइन अगर कोई टूटती है तो उसको संबंधित ठेकेदार ठीक कराएगा एवं नल लाइन टूटने पर आपको स्वयं के खर्चे पर ठीक करानी होगी।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
