सवाई माधोपुर, 3 नवम्बर।

कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के प्रयासों से सवाई माधोपुर जिला एक बार फिर विकास की नई ऊँचाइयों को छूने जा रहा है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार को आयोजित “एक शाम गौ माता के नाम” कार्यक्रम जिले के लिए ऐतिहासिक दिन साबित होगा, जब लगभग 263 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. मीणा न केवल जिले की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे, बल्कि सवाई माधोपुर के सौंदर्य और जनसुविधाओं को नया रूप देने का भी संकल्प दोहराएंगे। राज्य सरकार की वर्ष 2025-26 की बजट घोषणाओं में स्वीकृत इन कार्यों में सड़क, जल और शहरी विकास परियोजनाएँ शामिल हैं, जो जिले के सर्वांगीण विकास का प्रतीक हैं।

मंत्री डॉ. मीणा 107 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 63 किलोमीटर लंबी नई सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का शिलान्यास करेंगे, जबकि 32 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 15 किलोमीटर लंबी सड़कों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 140 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे जिले में सड़क नेटवर्क को मजबूती, चौड़ाईकरण और सौंदर्यकरण का लाभ मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, डॉ. मीणा मलारना डूंगर क्षेत्र में ईसरदा-दौसा पेयजल परियोजना के तहत दो उच्च जलाशयों के निर्माण का भी शिलान्यास करेंगे। लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन जलाशयों से 61 गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ जल की सुविधा बढ़ेगी।

नगर परिषद सवाई माधोपुर की ओर से लटिया नाले की सुरक्षा दीवार और हम्मीर सर्किल के सौंदर्यकरण कार्यों का भी शिलान्यास होगा, जिनकी कुल लागत 38 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसके साथ ही 15 करोड़ रुपये की लागत से टाउन हॉल निर्माण कार्य और 19 लाख रुपये से श्री राधाकृष्ण पुस्तकालय एवं वाचनालय में नए कमरों के निर्माण का भी शुभारंभ किया जाएगा।

यह आयोजन केवल विकास कार्यों का उद्घाटन नहीं, बल्कि जिले की नई दिशा और सशक्त भविष्य की नींव रखने वाला क्षण है। डॉ. किरोड़ी मीणा के प्रयासों से सवाई माधोपुर न केवल राजस्थान, बल्कि पूरे प्रदेश में विकास का आदर्श उदाहरण बनता जा रहा है।

Next Story