सवाई माधोपुर। सोशल मीडिया पर चंद पलों की प्रसिद्धि और 'लाइक्स' पाने की सनक किस कदर भारी पड़ सकती है, इसका ताजा उदाहरण सवाई माधोपुर में देखने को मिला है। यहाँ रेलवे ट्रैक और ऊंचे पुलों पर जान जोखिम में डालकर रील बनाना दो सगे भाई-बहन को महंगा पड़ गया, जिन्हें रेल सुरक्षा बल (RPF) ने चिन्हित कर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक रील तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें मलारना रेलवे स्टेशन के समीप बनास नदी पर बने खतरनाक रेलवे पुल पर दो युवक-युवती रील बनाते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो संज्ञान में आते ही रेल सुरक्षा बल, सवाई माधोपुर ने इसे गंभीरता से लिया और त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरपीएफ ने दोनों की पहचान पीलवा गांव निवासी दिलखुश मीणा और उसकी बहन संजू मीणा के रूप में की।

पहचान सुनिश्चित होने के तत्काल बाद आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 147 (अनधिकृत प्रवेश/ट्रेसपास) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि रेलवे ट्रैक पर चलना, उसे अनाधिकृत रूप से पार करना, रेलवे पुलों पर खड़े होकर फोटो-वीडियो बनाना या रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की न्यूसेंस गतिविधि करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।

रेल सुरक्षा बल, सवाई माधोपुर द्वारा यात्रियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग ने कड़े शब्दों में अपील की है कि लोग सोशल मीडिया के रील कल्चर के वशीभूत होकर प्रतिबंधित स्थानों पर न जाएं। यह कार्रवाई उन युवाओं के लिए एक कड़ा संदेश है जो रील बनाने के चक्कर में न केवल रेलवे नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान भी खतरे में डाल रहे हैं। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story