सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर फहराया तिरंगा, हुसैन आर्मी की पहल लाई रंग
सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर करीब ढाई साल बाद फहराया गया तिरंगा। डीआरयूसीसी सदस्य हुसैन आर्मी की मांग पर रेलवे प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई। जानिए पूरी खबर।

तस्वीर में सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर अधिकारी और लोग राष्ट्रीय ध्वज फहराने के कार्यक्रम के दौरान नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर, 25 जुलाई। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर करीब ढाई वर्ष से बिना राष्ट्रीय ध्वज के खड़े पोल पर शुक्रवार को रेलवे प्रशासन ने तिरंगा फहराकर एक महत्वपूर्ण पहल को साकार किया। डीआरयूसीसी सदस्य एवं वतन फाउंडेशन के मुखिया हुसैन आर्मी द्वारा कोटा मंडल की डीआरयूसीसी बैठक में उठाई गई मांग पर रेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय ध्वज स्थापित कराया।
तिरंगा फहराने के अवसर पर डीआरयूसीसी सदस्य हुसैन आर्मी, पश्चिम रेलवे की सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा, स्टेशन प्रबंधक लोकेंद्र मीना, आरपीएफ निरीक्षक मानसिंह, रेलवे के ए डी ई एन दिगपाल सिंह, अतीश माहेश्वरी सीएमआई, पीडब्ल्यूआई राकेश मीना आई ओ डब्ल्यू अमित भारती व संजय मीणा सहित रेलवे एवं आरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके पश्चात हुसैन आर्मी की ओर से उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित कर इस अवसर की खुशी साझा की गई।
गौरतलब है कि गुरुवार को कोटा मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा की अध्यक्षता में आयोजित डीआरयूसीसी की 150वीं बैठक में सवाई माधोपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए हुसैन आर्मी ने रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर लंबे समय से खाली पड़े ध्वज पोल पर तिरंगा फहराने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। इसके साथ ही उन्होंने जयपुर–मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन में जयपुर से सवाई माधोपुर तक सामान्य टिकट सुविधा शुरू करने, करोना काल में वरिष्ठ नागरिकों एवं अधिस्वीकृत पत्रकारों को पहले से मिल रही रेल किराए में रियायत बंद कर दी गई है, उसको पुनः चालू करवाने, करोना काल में ही बंद की गई मुंबई फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस को पुनः चालू करवाने सहित रेल यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की भी मांग रखी थी।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्हीं निर्देशों की पालना में शुक्रवार को स्थानीय रेलवे प्रशासन ने सादे एवं गरिमामय समारोह के साथ स्टेशन के मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मांग को अमलीजामा पहनाया। रेलवे प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
