सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर 27 जुलाई 2026 को गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और देशभर में पूर्ण गौहत्याबंदी कानून लागू करने की मांग को लेकर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इस आंदोलन के तहत गौ भक्त जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इस महाप्रदर्शन की रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को सीताराम जी के मंदिर में गौ सेवा समिति की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में गौशालाओं के पदाधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

गौ सम्मान आह्वान अभियान के जिला प्रचारक एवं गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंपर्क अभियान के तहत घर-घर जाकर हस्ताक्षर कराए जाएंगे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर काउंटर लगाकर गौ सेवकों द्वारा हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे। इस अभियान का लक्ष्य 1 लाख हस्ताक्षरों का ज्ञापन तैयार करना है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को सवाई माधोपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गौ भक्त बस द्वारा सुबह 7:00 बजे जिला मुख्यालय के लिए रवाना होंगे।

बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, देशभर में पूर्ण गौ हत्या प्रतिबंध लागू करने, गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून बनाने, अलग मंत्रालय गठित करने, गोचर बोर्ड की स्थापना, गौ सुरक्षा नीति और गौ आधारित प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। गोविंद नारायण शर्मा ने 1966 से अब तक चल रहे गौ माता आंदोलनों के इतिहास, जनसमर्थन और उनके परिणामों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान अभियान का उद्देश्य केवल सम्मान दिलाना नहीं, बल्कि गौ माता की सुरक्षा और संवर्धन के लिए ठोस पहल एवं प्रभावी जन सहयोग सुनिश्चित करना है।

बैठक में उपस्थित संतों ने समाज से 27 जुलाई के आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। इस अवसर पर गोविंद नारायण शर्मा के साथ दयाराम शीलू, राजेंद्र थिरनी, समर सिंह, सुभाष अग्रवाल, रामजीलाल, मदन जोशी, कृपा शंकर उपाध्याय, विजय गोयल, गिरधारी गुप्ता, हुकुम सिंह, राजा राम सैनी और बी पाल यादव सहित दर्जनों गौ सेवक उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story