जिले के निजी विद्यालयों में भारत स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर के तत्वावधान में निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों की संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाडिया ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाडिया ने निजी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक निजी विद्यालय में भारत स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों का नियमित संचालन किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य पुरस्कार तथा राष्ट्रपति अवार्ड जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, सेवा कार्यों और सामाजिक जागरूकता अभियानों में स्काउट-गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए निजी विद्यालयों को इन गतिविधियों को बढ़ावा देने में पूरा सहयोग देना चाहिए।

संगोष्ठी में सीओ स्काउट गाइड दिव्या ने कब-बुलबुल, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर की योग्यताओं तथा राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में सहभागिता से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यालयों में स्काउट-गाइड इकाइयों के प्रभावी संचालन के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।

इस दौरान सहायक लीडर ट्रेनर जुगराज बैरवा ने बेसिक कोर्स से लेकर हिमालय वुड बैज कोर्स तक की प्रशिक्षण प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी। निजी शिक्षण संस्थान के जिला अध्यक्ष दिलीप शर्मा ने संस्था प्रधानों को आश्वस्त किया कि निजी विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस आंदोलन से जोड़ने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम में रामजीलाल योगी ने इको क्लब ग्रुप रजिस्ट्रेशन संबंधी जानकारी प्रदान की। संगोष्ठी में उपप्रधानाचार्य अरविंद गुप्ता, महावीर प्रसाद जैन, धनराज प्रजापत सहित जिले के अनेक निजी विद्यालयों के संस्था प्रधान, स्काउटर और गाइडर उपस्थित रहे।

यह संगोष्ठी जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और विद्यार्थियों को नेतृत्व, सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story