सवाई माधोपुर: प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
सवाई माधोपुर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया, सोनोग्राफी और अन्य जटिलताओं के प्रबंधन के लिए विशेष सेवाएँ प्रदान की गईं।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सवाई माधोपुर जिले के सभी राजकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के दौरान जिले भर की ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बड़ी संख्या में पहुंची गर्भवती महिलाओं को चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा जांच, परामर्श एवं आवश्यक उपचार प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित इस अभियान में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व देखभाल सुनिश्चित की गई। चिकित्सा संस्थानों पर हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, हृदय स्पंदन तथा प्रसव से जुड़ी जटिलताओं की गहन जांच की गई। इसके अतिरिक्त एनीमिया से पीड़ित गर्भवतियों को एफसीएम इंजेक्शन लगाए गए और उन्हें कैल्शियम तथा अन्य आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। मां वाउचर योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सोनोग्राफी के लिए वाउचर प्रदान किए गए। डॉ. जेमिनी ने स्वयं भी गर्भवती महिलाओं को वाउचर वितरित किए और संस्थानों पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उनसे फीडबैक लिया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था की दूसरी और तीसरी तिमाही में प्रत्येक माह की 9 तारीख को निशुल्क एएनसी सेवाएं प्रदान करना है। इसके साथ ही विस्तारित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 18 और 27 तारीख को उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाओं की ट्रैकिंग, फालोअप विजिट और प्रसव के बाद 45 दिनों तक निरंतर निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नियमित जांच और चिकित्सकीय परामर्श से गर्भावस्था की जटिलताओं को रोकना और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना संभव है। पीएमएसएमए के दस साल के इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय इन स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता का विस्तार करना है, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाकर स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
