सवाई माधोपुर पुलिस ने आमजन की पुलिस तक पहुंच आसान बनाने और देश-विदेश से सवाई माधोपुर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए दो महत्वपूर्ण पहल शुरू करने की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि पहली पहल जिले के सभी थानों से आमजन के सीधे संपर्क को आसान बनाने से जुड़ी है, जबकि दूसरी पहल रणथंभौर आने वाले पर्यटकों की सहायता के लिए ऑल इंडिया टूरिस्ट हेल्पलाइन शुरू करने की है।

लंबित परिवाद और मुकदमों की स्थिति जानने के लिए थाने के सीयूजी और लैंडलाइन नंबर उपलब्ध कराए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक सुश्री मैत्रेयी ने बताया कि जिले के सभी थानों पर सीयूजी एवं लैंडलाइन फोन उपलब्ध हैं। इन नंबरों को आमजन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि छोटी-छोटी जानकारी के लिए लोगों को बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।

यदि किसी व्यक्ति का कोई परिवाद या मुकदमा लंबित है और उसे उसकी स्थिति की जानकारी लेनी है, अथवा उसे थानाधिकारी या जांच अधिकारी से संपर्क करना है या मामले से संबंधित कोई अन्य साक्ष्य उपलब्ध करवाना है, तो वह संबंधित थाने के सीयूजी अथवा लैंडलाइन नंबर पर संपर्क कर सकेगा। इन नंबरों पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संपर्क किया जा सकेगा। सुश्री मैत्रेयी ने आमजन से इन नंबरों को अपने पास सुरक्षित रखने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को थाने के सीयूजी या लैंडलाइन नंबर पर उचित रिस्पॉन्स नहीं मिलता है, तो वह इसकी शिकायत जिला पुलिस के डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम नंबर 07462-222999 पर कर सकता है। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संपर्क को अधिक सुगम बनाना तथा सामान्य जानकारी एवं लंबित मामलों से संबंधित छोटी-छोटी जरूरतों के लिए लोगों की परेशानी कम करना है।

वहीं, 1 अक्टूबर से शुरू हो रहे टूरिस्ट सीजन को देखते हुए सवाई माधोपुर पुलिस की दूसरी बड़ी पहल टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर 07462-251251 है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 1 अक्टूबर से टूरिस्ट सीजन शुरू होने जा रहा है और देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक सवाई माधोपुर एवं रणथंभौर पहुंचते हैं।

कई बार पर्यटकों को सवाई माधोपुर पहुंचने, पर्यटन स्थलों की जानकारी लेने या अन्य व्यवस्थाओं को लेकर परेशानी होती है। इसके अलावा सफारी बुकिंग, होटल बुकिंग अथवा अन्य मामलों में धोखाधड़ी की स्थिति भी सामने आ सकती है। ऐसी परिस्थितियों में पर्यटक सीधे 07462-251251 पर संपर्क कर सकेंगे।

सुश्री मैत्रेयी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति की सवाई माधोपुर आने की योजना है और उसे यह जानकारी नहीं है कि यहां कैसे पहुंचना है, कहां जाना है या किसी अन्य विषय को लेकर कोई शंका है, तो वह टूरिस्ट हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है। पुलिस की ओर से आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि इन दोनों पहलों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि आमजन के साथ-साथ देशभर से सवाई माधोपुर आने वाले पर्यटक भी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। पुलिस की दोनों पहल का उद्देश्य आमजन और पर्यटकों के लिए संपर्क तथा सहायता की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story