सवाई माधोपुर में संडे ऑन साइकिल अभियान की शुरुआत, रैली व योग का आयोजन
फिट इंडिया मिशन के तहत पुलिस जवानों और आमजन ने साइकिल रैली व योग के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सवाई माधोपुर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में रविवार को फिट इंडिया मिशन के तहत आयोजित 'संडे ऑन साइकिल अभियान' के शुभारंभ पर साइकिल रैली के लिए तैयार पुलिस अधिकारी और जवान।
सवाईमाधोपुर पुलिस ने फिट इंडिया मिशन के तहत “संडे ऑन साईकिल अभियान” की शुरुआत करते हुए साइकिल रैली और योग कार्यक्रम का आयोजन कर स्वस्थ जीवनशैली तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान में पुलिस अधिकारियों, जवानों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्रीमान अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आर्ड बटालियन्स, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रयी आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री विजय सिंह के सुपरविजन में रविवार 24 मई 2026 को प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस लाइन परेड ग्राउंड सवाई माधोपुर से साइकिल रैली निकालकर की गई। रैली पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से रवाना होकर कलेक्ट्रेट सवाई माधोपुर होते हुए पुनः पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों, पुलिस जवानों और आमजन ने साइकिलिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस का संदेश दिया।
रैली के पश्चात पुलिस जवानों ने योग अभ्यास किया। योग और साइकिलिंग के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर मानसिक तनाव दूर करने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान शारीरिक फिटनेस, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी जोर दिया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों और आमजन को योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना तथा साइकिल के उपयोग के जरिए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना रहा। सवाईमाधोपुर पुलिस का यह अभियान स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक संतुलन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
