सवाई माधोपुर जिला पुलिस ने पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) के निर्देशन में 20 जुलाई 2026 से 20 अगस्त 2026 तक सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री, अपराधियों का महिमामंडन करने, अश्लील, अभद्र एवं गलत टिप्पणियां करने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक माह का विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Twitter/X, Facebook और Instagram आदि पर लगातार निगरानी रखी गई।

अभियान के तहत जिला पुलिस ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री के संबंध में कुल 170 आपत्तिजनक पोस्ट तथा महिलाओं एवं बच्चों के प्रति अनुचित 17 पोस्ट चिह्नित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की। इस दौरान कुल 03 प्रकरण दर्ज किए गए और 05 आरोपियों एवं असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 02 सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करवाने की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार यह विशेष अभियान जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी श्री राकेश राजौरा (आरपीएस) के निकट पर्यवेक्षण में चलाया गया। जिला पुलिस सोशल मीडिया सेल की प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट, सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री, अपराधियों के महिमामंडन, अश्लील, अभद्र एवं गलत टिप्पणियों, भ्रामक अफवाहों, अवैध हथियारों या हथियारनुमा वस्तुओं के साथ पोस्ट अपलोड करने तथा सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सवाई माधोपुर पुलिस ने सामाजिक सौहार्द एवं अश्लील कंटेंट के प्रतिकूल कुल 170 आपत्तिजनक तथा महिलाओं एवं बच्चों के प्रति अनुचित पोस्ट चिह्नित कर विधिक कार्रवाई की। पुलिस थाना रवांजना डूंगर में 02 तथा कुंडेरा में 01, कुल 03 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए और इनमें 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने, सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, अपराधियों का महिमामंडन करने, अश्लील, अभद्र एवं गलत टिप्पणियां करने, अवैध हथियारों या हथियारनुमा वस्तुओं के साथ पोस्ट अपलोड करने तथा सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने वाले 03 असामाजिक तत्वों को बीएनएसएस की धारा 170 में गिरफ्तार किया गया। इनके 02 सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करवाने की कार्रवाई की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) ने सभी जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसी कोई आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा उकसावे वाली सामग्री पोस्ट, शेयर या फॉरवर्ड नहीं की जाए, जिससे जिले में सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो। सामाजिक एवं साम्प्रदायिक भावनाओं को भड़काने अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट, वीडियो, फोटो या टिप्पणी सोशल मीडिया पर अपलोड या शेयर न करने तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों का महिमामंडन करने वाली पोस्ट का प्रसार न करने की भी अपील की गई।

पुलिस ने अश्लील, अभद्र, आपत्तिजनक अथवा किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों से बचने, किसी भी भ्रामक सूचना, अफवाह या अपुष्ट खबर को सत्यापन के बिना फॉरवर्ड अथवा प्रसारित नहीं करने और हथियारों का प्रदर्शन करने या अपराध एवं हिंसा को बढ़ावा देने वाली पोस्ट या वीडियो अपलोड नहीं करने को कहा है। किसी व्यक्ति, समुदाय या वर्ग के खिलाफ घृणा, हिंसा या तनाव पैदा करने वाली सामग्री प्रसारित न करने तथा किसी आपत्तिजनक या संदिग्ध पोस्ट को लाइक, शेयर अथवा फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता और संभावित प्रभाव पर विचार करने की अपील की गई। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अनैतिक, अभद्र, अमर्यादित या कानून-विरुद्ध सामग्री पोस्ट करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोगकर्ता बनने तथा शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जिला पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story