जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रयी (भा०पु०से०) के निर्देशन में अवैध खनन माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बौंली थाना पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अति० पुलिस अधीक्षक नीलकमल मीना और वृत्ताधिकारी उमेश गुप्ता के सुपरविजन एवं थानाधिकारी जितेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध बनास बजरी का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जप्त किया है। पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी चालक वाहनों को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब रहे।

प्राप्त विवरण के अनुसार, आज दिनांक 10/05/2026 को पुलिस टीम द्वारा की गई पहली कार्रवाई अलूदा गांव के कच्चे रास्ते से अलूदा नाका से आगे जस्टाना रोड पर दोपहर 12:20 बजे हुई। यहाँ स०उ०नि० लखमीचन्द ने एक बिना नम्बरी लाल रंग के महिन्द्रा 575 DI XP PLUS ट्रैक्टर को रुकवाया, जिसके बम्फर पर 'सावरिया सरकार' और पीछे जुड़ी बिना नम्बरी ट्रॉली के डाले पर अंग्रेजी में 'राधा की मुस्कान' लिखा हुआ था। उक्त ट्रैक्टर (चैचिस नं० MENGAALDESRA07963, इंजन नं० RSA2GCA2458) में अवैध बनास बजरी भरी हुई थी। पुलिस को देखते ही चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार यदि परिवहन वैध होता तो चालक रवन्ना पेश करता, न कि वाहन छोड़कर भागता। इस मामले में धारा 303(2) बीएनएस व 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 137/2026 दर्ज किया गया है।

इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई दोपहर 12:30 बजे हैड कानि० रामभजन संख्या 353 द्वारा एचपी पेट्रोल पंप के आगे जस्टाना रोड पर की गई। यहाँ भी पुलिस ने एक बिना नम्बरी लाल रंग के महिन्द्रा 575 DI XP PLUS ट्रैक्टर (चैचिस नं० MENGAALDERJGD1530, इंजन नं० RRGG NHA1054) को पकड़ा, जिसके बम्फर पर 'श्री अग्रसेन मोटर्स एण्ड मोटर्स' और ट्रॉली पर हिन्दी में 'निजी कृषि कार्य हेतु' अंकित था। इस ट्रॉली में भी अवैध बनास बजरी भरी हुई थी और इसका चालक भी पुलिस को देखकर चम्पत हो गया। बिना रवन्ना प्रतिबंधित बजरी परिवहन के इस मामले में भी धारा 303(2) बीएनएस व 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 138/2026 पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब दोनों मामलों में फरार चालकों और वाहन मालिकों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story