सवाई माधोपुर: मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 47 किलो ड्रग्स के साथ दो गिरफ्तार
सवाई माधोपुर में मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह को दबोचा। एक्सयूवी कार में मॉडिफाई बॉक्स बनाकर तस्करी किए जा रहे 47 किलो से अधिक गांजे के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला और पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

तस्वीर में बाईं ओर गिरफ्तार किए गए दो आरोपी और दाईं ओर पुलिस अधिकारी इन्द्रजीत सिंह दिखाई दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर थाना पुलिस और एएनटीएफ (एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर देर रात की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने 47.288 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए एक महिंद्रा एक्सयूवी (XUV) कार को जब्त किया है। आरोपी इस अवैध गांजे की सप्लाई सवाई माधोपुर, मानपुर और मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में कर मोटा मुनाफा कमाते थे।
भरतपुर रेंज के आईजी कैलाश विश्नोई (IPS) और सवाई माधोपुर की पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी (IPS) द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की पालना में सवाई माधोपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह और पुलिस उप अधीक्षक वृत ग्रामीण रामधन चौधरी के सुपरविजन में रवांजना डूंगर के थाना प्रभारी उप निरीक्षक बनय सिंह और उनकी टीम ने आज 5 जुलाई 2026 को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की सूचना पर मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर संयुक्त नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान तड़के करीब 12 बजे एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 कार आती दिखाई दी। पुलिस और वर्दीधारी जवानों को देखकर चालक ने गाड़ी वापस घुमाकर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर जब पुलिस ने गाड़ी रुकवाकर पूछताछ की, तो गाड़ी में बैठे दोनों व्यक्ति सकपका गए और कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। पुलिस द्वारा गाड़ी की तलाशी लेने पर पीछे की डिग्गी में दोनों तरफ के साइड में बॉक्स को मॉडिफाई करवाकर उनके अंदर छिपाए गए कुल 62 पैकेट मिले। बरामद गांजे का कुल वजन 47.288 किलोग्राम है।
पुलिस ने गाड़ी में सवार आरोपी मुकुट बिहारी (36) पुत्र बाबूलाल और हनुमान (30) पुत्र रामकिशन, दोनों निवासी फरिया, थाना खण्डार, जिला सवाई माधोपुर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20, 8/25, 8/29 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तस्करी करते हैं। इस मामले में पुलिस थाना रवांजना डूंगर पर मुकदमा संख्या 125/2026 दर्ज किया गया है और आगे की गहन जांच सूरवाल थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक बनी सिंह द्वारा की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बनय सिंह, सउनि इन्द्रजीत सिंह, कांस्टेबल यशवन्त, मुकेश कुमार, भागचन्द और हरिसिंह की विशेष भूमिका रही है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
