सवाई माधोपुर जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर डेकवा गांव के पास खंभा नंबर 288.8 के निकट एक बिना नंबर की ग्रे रंग की KIA सेल्टोस कार से 125.81 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस पहुंचने से पहले ही कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।

जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह और पुलिस उपाधीक्षक शहर उदय सिंह के सुपरविजन में थाना कोतवाली सवाई माधोपुर के थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई 16 मई 2026 को अंजाम दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर डेकवा गांव के पास खंभा नंबर 288.6 के निकट एक बिना नंबर की ग्रे रंग की KIA सेल्टोस दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खड़ी है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट और डिग्गी में प्लास्टिक के कट्टों और बोरों में भरा हुआ डोडा चूरा मिला। पुलिस ने कट्टों को बाहर निकालकर तौल करवाया, जिसमें कुल वजन कट्टों सहित 125.81 किलोग्राम पाया गया। मौके पर ही अवैध मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार तस्करों ने पुलिस से बचने और किसी को शक नहीं हो सके, इसके लिए बिना नंबर की लग्जरी KIA सेल्टोस कार का उपयोग किया था। कार्रवाई के दौरान वाहन के आसपास कोई व्यक्ति नहीं मिला। तस्कर कार छोड़कर पहले ही फरार हो चुके थे।

कार की तलाशी में एक मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस और दो नंबर प्लेट भी बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। मामले में प्रकरण संख्या 183/26 में धारा 8/15 एवं 8/25 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले का अनुसंधान जारी है।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली सवाई माधोपुर के थानाधिकारी मदनलाल मीणा, सहायक उपनिरीक्षक सोसायलाल, कांस्टेबल राजेश, कांस्टेबल मनीष 1136 की विशेष भूमिका, कांस्टेबल परितोष 1573, कांस्टेबल कमल 108, कांस्टेबल रामभजन 291, कांस्टेबल हेमंत 1402, कांस्टेबल दिनेश 210 और कांस्टेबल शैतान 1185 शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story