सवाई माधोपुर: जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस की विशेष कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों की पालना हेतु जिलेभर में विशेष प्रवर्तन और जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

सवाई माधोपुर जिले में 'जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा' अभियान के दौरान पेट्रोल पंप पर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए समझाते पुलिसकर्मी।
श्रीमान महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज भरतपुर के आदेशानुसार जिला सवाई माधोपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जनहानि को न्यूनतम करने हेतु 04 मई 2026 से 31 मई 2026 तक "जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा" विशेष अभियान का शंखनाद किया गया है। सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के कुशल निर्देशन तथा समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकगण व समस्त वृत्ताधिकारीगण के निकटतम सुपरविजन में यातायात प्रभारी एवं समस्त थानाधिकारीगण इस अभियान को प्रभावी रूप से धरातल पर उतार रहे हैं। राज्य स्तर पर बेहतर सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को दी गई विशेष प्राथमिकता के क्रम में वर्ष 2026 के लिए जिला पुलिस ने एक वृहद कार्ययोजना तैयार की है, जिसमें प्रवर्तन, इंजीनियरिंग सुधार, इमरजेंसी रिस्पॉन्स, दुर्घटना अनुसंधान एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का अभूतपूर्व समन्वय किया गया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में कमी लाना है, बल्कि आमजन के भीतर यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाकर सड़क सुरक्षा को उनके सामाजिक व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाना है। सवाई माधोपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, ओवरलोडिंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग जैसे गंभीर उल्लंघनों के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। विशेष रणनीति के तहत जिले के चिन्हित क्रिटिकल कॉरिडोर, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट और व्यस्त मार्गों पर पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस विभाग द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से रोड मार्किंग, साइनेज लगाने, स्पीड कंट्रोल उपाय करने, सड़कों की मरम्मत, दृश्यता में सुधार, पार्किंग प्रबंधन तथा अवैध कटों को बंद करने जैसे सुधारात्मक कदम भी उठाए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान 'Enforcement, Engineering, Emergency Response और Education' के चतुष्कोणीय मॉडल को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए 108 एम्बुलेंस, निजी एम्बुलेंस, ट्रॉमा सेंटर और अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, वहीं 'गुड सेमेरिटन' (नेक मददगार) योजना और "PM RAHAT (Road Accident Victim Hospitalization and Assured Treatment) Scheme" के प्रति भी नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है ताकि पीड़ितों को गोल्डन ऑवर में उपचार मिल सके। इसके साथ ही, दुर्घटना के प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें घटनास्थल की फोटो-वीडियोग्राफी, भौतिक साक्ष्य संकलन, वाहन के फिटनेस, परमिट, बीमा व ड्राइविंग लाइसेंस की सूक्ष्म जांच तथा e-DAR/IRAD पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि को अनिवार्य किया गया है।
अभियान का एक नवाचारी पक्ष 'विशेष ग्राम गोद योजना' है, जिसके अंतर्गत जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र के एक राजस्व ग्राम को गोद लिया गया है। इन ग्रामों में ग्राम पंचायत, विद्यालय, सामाजिक संगठनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सामुदायिक पुलिसिंग समूहों के सहयोग से 'नो हेलमेट नो राइड' की संस्कृति विकसित की जा रही है। चयनित गांवों के प्रवेश द्वारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा संदेशों के बोर्ड लगाए गए हैं और प्रति सप्ताह विशेष चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामों, बीट अधिकारियों और पुलिस कार्मिकों को जिला व रेंज स्तर पर सम्मानित करने का भी प्रस्ताव है। पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में भी युवाओं को जागरूक किया जा रहा है कि लापरवाही से वाहन चलाना स्वयं और दूसरों के लिए घातक है। सवाई माधोपुर पुलिस की यह मुहिम केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि 'जागरूक नागरिक सुरक्षित सड़क' की अवधारणा के साथ व्यवहार परिवर्तन पर केंद्रित है। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात संकेतों का अनिवार्य पालन कर एक जिम्मेदार नागरिक बनें, क्योंकि सड़क पर सावधानी ही जीवन की वास्तविक सुरक्षा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
