सवाई माधोपुर: पुलिस ने बरामद किए 35 लाख के 207 गुमशुदा मोबाइल
जिला साइबर सेल ने तीन महीने की तकनीकी निगरानी के बाद 207 स्मार्टफोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे।

तस्वीर में पुलिस अधिकारी कार्यालय में मेज पर रखे बरामद मोबाइल फोन के साथ खड़े हैं।
सवाई माधोपुर पुलिस ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन महीने की लगातार तकनीकी निगरानी और मेहनत के बाद विभिन्न कंपनियों के करीब 35 लाख रुपये कीमत के 207 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के कुशल निर्देशन में जिला साइबर सेल को गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में यह सफलता मिली।
जिला साइबर सेल और पुलिस टीम पिछले तीन महीनों से इन मोबाइल फोन को तकनीकी रूप से ट्रैक करने में जुटी हुई थी। अभियान के दौरान कुल 207 एंड्रॉइड स्मार्टफोन बरामद किए गए। बरामद सभी मोबाइल फोन की कुल बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर द्वारा जिला साइबर सेल को CEIR पोर्टल एवं राजस्थान पुलिस की वेबसाइट पर दर्ज गुम मोबाइल फोन को अधिक से अधिक बरामद करने का लक्ष्य दिया गया था। पुलिस मुख्यालय द्वारा भी CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। निर्देशों की पालना में जिला साइबर सेल ने तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर लगातार मोबाइल फोन की तलाश की। करीब तीन महीने की लगातार मेहनत, तकनीकी निगरानी और टीम के समन्वित प्रयासों के बाद साइबर सेल को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में CEIR पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गुम मोबाइल की जानकारी CEIR पोर्टल पर दर्ज होने के बाद मोबाइल फोन के नेटवर्क पर सक्रिय होने की स्थिति में उपलब्ध तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस उसकी तलाश करती है।
पुलिस द्वारा बरामद किए गए मोबाइल फोन की पहचान और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल फोन वापस मिलने पर मोबाइल मालिकों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। मोबाइल मालिकों ने सवाई माधोपुर पुलिस की इस कार्रवाई के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस विशेष अभियान में शामिल जिला साइबर सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सहयोगी पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए अथक प्रयासों की पुलिस अधीक्षक ने सराहना की है। अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
सवाई माधोपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में दें या ई-मित्र पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक करवाएं। मोबाइल फोन के नेटवर्क पर सक्रिय होने पर तकनीकी माध्यम से उसकी तलाश कर उसे वास्तविक मालिक तक पहुंचाने में पुलिस को सहायता मिलती है।
पुलिस ने बताया कि खोया हुआ मोबाइल ढूंढने के लिए Google Find My Device सर्विस का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके जरिए मोबाइल की लाइव लोकेशन देखी जा सकती है, फुल वॉल्यूम में घंटी बजाई जा सकती है और मोबाइल को लॉक भी किया जा सकता है।
Android मोबाइल के लिए Google Find My Device का इस्तेमाल करने के लिए किसी दूसरे मोबाइल फोन या कंप्यूटर पर किसी भी ब्राउजर में Google Find My Device वेबसाइट पर जाएं या दूसरे फोन में Google Find My Device ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद उसी Google (Gmail) ID और पासवर्ड से लॉगिन करें, जो खोए हुए फोन में चालू था। लॉगिन करने के बाद Play Sound, Secure Device और Erase Device के विकल्प दिखाई देंगे।
Play Sound विकल्प का इस्तेमाल करने पर यदि फोन आसपास गिरा हुआ है तो फोन पांच मिनट तक जोर-जोर से बजने लगेगा, भले ही वह साइलेंट मोड पर क्यों न हो। Secure Device के जरिए दूर बैठकर फोन को लॉक किया जा सकता है और स्क्रीन पर मैसेज या मोबाइल नंबर छोड़ा जा सकता है, ताकि फोन मिलने वाला व्यक्ति कॉल कर सके। Erase Device विकल्प के जरिए फोन नहीं मिलने की स्थिति में उसका पूरा पर्सनल डेटा डिलीट किया जा सकता है, ताकि उसका गलत इस्तेमाल न हो।
iPhone के लिए Apple iCloud Find My वेबसाइट पर किसी दूसरे डिवाइस से जाकर Apple ID से लॉगिन किया जा सकता है। इसके जरिए iPhone की लोकेशन ट्रैक की जा सकती है।
मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या स्वयं राजस्थान पुलिस पोर्टल https://police.rajasthan.gov.in के Citizen Services में Lost Article Report की शिकायत दर्ज करनी चाहिए। इसके बाद भारत सरकार की ऑफिशियल वेबसाइट CEIR Portal https://www.ceir.gov.in पर जाकर फोन का IMEI नंबर दर्ज करने के साथ अन्य विवरण अंकित करें तथा मोबाइल गुमशुदगी रिपोर्ट एवं मोबाइल बिल की कॉपी स्कैन कर अपलोड करें। इससे मोबाइल फोन पूरे देश में ब्लॉक हो जाएगा और कोई भी उसमें दूसरा सिम कार्ड इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। जैसे ही गुम हुए मोबाइल फोन में दूसरी सिम लगाने का प्रयास किया जाएगा, शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर ट्रेसेबिलिटी का एसएमएस आएगा। संदेश मिलने पर नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने की अपील की गई है।
उपरोक्त मोबाइल बरामदगी में साइबर सेल से श्री राजकुमार सिंह कांस्टेबल 117 की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने वाली पुलिस टीम में श्री महेन्द्र कुमार स0उ0नि0 प्रभारी साइबर सेल, श्री राजकुमार सिंह कांस्टेबल 117 (विशेष भूमिका) साइबर सेल, श्री हनुमान प्रसाद कांस्टेबल 150 साइबर सेल, श्री अर्जुन सैनी कांस्टेबल 1605 साइबर सेल, श्री ब्रह्मानन्द कांस्टेबल 1152 थाना मानटाउन, श्री जितेंद्र सिंह 1004 कांस्टेबल थाना मानटाउन, श्री विष्णु कांस्टेबल 1610 थाना गंगापुरसिटी, श्री राजेश कुमार कांस्टेबल 1630 थाना मलारना डूंगर, श्री सुरेन्द्र सिंह कांस्टेबल 1359 थाना मलारना डूंगर तथा श्री सचिन कुमार कांस्टेबल 1636 कोतवाली जिला सवाई माधोपुर शामिल रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
