अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, सिविल राइट्स एवं एएचटी राजस्थान के आह्वान पर 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित राज्यव्यापी विशेष अभियान के क्रम में सवाई माधोपुर पुलिस ने सुरक्षा और जन-जागरूकता की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के कुशल निर्देशन एवं जिले के समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में आज 'ऑपरेशन गरिमा' के अंतर्गत व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में एएचटीयू प्रभारी श्रीमती रुकमणी पुलिस निरीक्षक ने अपनी टीम के साथ राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय मानटाउन में पहुंचकर छात्राओं को नवीन कानूनों की बारीकियों से अवगत कराया और उन्हें आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण सिद्धांतों का प्रशिक्षण दिया। इसके पश्चात पुलिस टीम ने कच्ची बस्ती में बावरी समाज के परिवारों के बीच पहुंचकर बच्चों को बालश्रम एवं भिक्षावृत्ति जैसी कुरीतियों से दूर रखने तथा उन्हें अनिवार्य रूप से स्कूल भेजने हेतु समझाइश की।

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने के ध्येय से जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में एक साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई। अभियान के निमित्त गठित विशेष पुलिस टीमों ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और पार्कों जैसे सार्वजनिक एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सघन चेकिंग और गश्त की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे व्यक्तियों की पहचान कर उनसे कड़ी पूछताछ की गई तथा असामाजिक तत्वों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी गई, जबकि कई स्थानों पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई गई।

इस अभियान के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने छात्राओं व आमजन के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति सचेत किया। महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1091 एवं 112 की उपयोगिता, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग तथा स्टॉकिंग एवं छेड़छाड़ जैसी घटनाओं से बचाव के उपायों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। पुलिस ने "संवेदनशील स्थानों" को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की गहन जांच की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि "ऑपरेशन गरिमा" एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराया जा रहा है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से अपील की कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रोकने में सहभागी बनें। अंत में जनसामान्य से आग्रह किया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना नजदीकी थाने या हेल्पलाइन पर दें, ताकि एक सुरक्षित और मर्यादित समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story