सवाई माधोपुर: 'म्यूल हंटर' अभियान में 56 साइबर अपराधी गिरफ्तार
एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में एक महीने चले अभियान के दौरान 58 मामले दर्ज कर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते संचालित करने वाले आरोपियों को पकड़ा गया।

साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिला पुलिस ने विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत व्यापक कार्रवाई कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 01/04/2026 से 30/04/2026 तक चले इस अभियान में साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों और अपराधियों पर निर्णायक प्रहार किया गया।
अभियान के दौरान साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खातों, जिन्हें किराये पर देने, दिलवाने एवं उपयोग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कुल 47 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए और 45 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। इसके साथ ही प्रतिबिंब पोर्टल पर साइबर ठगों की लोकेशन के आधार पर 7 प्रकरण दर्ज कर 09 लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। वहीं फर्जी चेक विदड्रॉल से जुड़े 04 प्रकरणों में 02 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार पूरे अभियान में कुल 58 प्रकरण पंजीबद्ध कर 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस के अनुसार साइबर अपराधियों का modus operandi यह है कि वे स्कूल और कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निशाना बनाते हैं। उन्हें लालच देकर, हसीन सपने दिखाकर और जल्दी पैसा कमाने का प्रलोभन देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते हैं। इसी तरह मजदूरी करने वाले गरीब लोगों को भी पैसों का लालच देकर उनके खाते उपयोग में लिए जाते हैं। अपराधी स्वयं अपने मोबाइल नंबर सक्रिय कर लेते हैं और एटीएम कार्ड अपने पास रखते हैं या प्रतिशत काटकर राशि निकालकर उन्हें सौंप दी जाती है। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त राशि के ट्रांसफर और निकासी में किया जाता है, जिससे असली अपराधियों तक पहुंचना कठिन हो जाता है।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय की साइबर सेल ने ऐसे म्यूल अकाउंट्स का चयन कर उनका विश्लेषण किया और संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की। प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, लिंक, मैसेज, इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की गई।
चेक विदड्रॉल से संबंधित मामलों में साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी चेक या धोखाधड़ी के जरिए खातों से रकम निकालने के मामलों पर भी पुलिस मुख्यालय से प्राप्त डाटा के आधार पर कार्रवाई की गई और 04 प्रकरण दर्ज कर 02 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 107 के तहत उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को कुर्क (जब्त) करने की कार्यवाही भी की जाएगी, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
जिला पुलिस सवाई माधोपुर ने आगे भी साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने का संकल्प लिया है। इसके लिए सभी थाना अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिससे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रभावी रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने बैंक खाते, ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी लालच में आकर अपना खाता किसी अन्य को उपयोग के लिए न दें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
